scriptभाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच. राजा का विवादित बयान, कनिमोझी को बताया करुणानिधि की अवैध संतान | bjp leader H Raja says Kanimozhi is illegal daughter of karunanidhi | Patrika News

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच. राजा का विवादित बयान, कनिमोझी को बताया करुणानिधि की अवैध संतान

locationनई दिल्लीPublished: Apr 18, 2018 06:02:39 pm

Submitted by:

Kaushlendra Pathak

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कनिमोझी को लेकर दिया बड़ा विवादित बयान।

H Raja
नई दिल्ली। तमिलनाडु में अभी राज्यपाल और महिला पत्रकार वाला मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एक नये मुद्दे ने सनसनी मचा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच. राजा ने कनिमोझी को करुणानिधि की अवैध संतान बताया है। एच. राजा ने ट्वीट किया है कि तमिलनाडु के पत्रकार केवल राज्यपाल को लेकर ही सवाल क्यों उठाते हैं? वे उस व्यक्ति को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाते हैं, जिनकी एक अवैध बेटी है और जिन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया गया है?
एच. राजा के बयान से गरमाई सियासत

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में राज्यपाल से महिला पत्रकार ने सवाल किया था, जिसके बाद वो रिपोर्टर की गाल सहलाने लगे थे। राज्यपाल की इस हरकत पर पत्रकार ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद से तमिलनाडु में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वहीं, अब एच. राजा के कनिमोझी को लेकर दिए गए विवादित बयान ने तमिलनाडु की राजनीति की सरगर्मी बढ़ा दी है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है, पर उनका इशारा साफतौर से कनिमोझी और डीएमके चीफ करुणानिधि की ओर है।
एच. राजा के बयान पर बोले भाजपा- कनिमोझी

वहीं, कनिमोझी ने एच. राजा के बयान पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। एक वेबसाइट को उन्होंने बताया कि मैं ऐसे किसी आदमी की बातों का जवाब नहीं दूंगी। कनिमोझी ने कहा- मैं उनके स्तर तक नीचे नहीं गिर सकती। लेकिन, भाजपा को इस मामले में बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं उस महिला पत्रकार के साथ हूं और सभी कामकाजी महिलाओं के भी। सार्वजनिक जीवन में आने वाली महिलाओं को शोषण झेलना पड़ता है। मैं महिला पत्रकार के लिए खड़ी हुई और मुझे भी यही झेलना पड़ा। मैं इस बात का उदाहरण हूं कि शोषित महिलाओं के लिए आवाज उठाने पर आपके साथ क्या हो सकता है?
विवादों से पुराना नाता

यहां आपको बता दें कि एच. राजा अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहते हैं। इससे पहले वो एम. करुणानिधि को हिंदू विरोधी और हिंदुओं का दुश्मन भी बता चुके हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो