Delhi Weather: दिल्ली में चलेगी शीतलहर, छाएगा घना कोहरा, जानिए मौसम विभाग ने क्या दी वॉर्निंग?
नई दिल्लीPublished: Dec 25, 2022 08:29:01 pm
दिल्ली में रविवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। दिल्ली के रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां पर अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, आया नगर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। साथ ही घना कोहरा भी छा सकता है।


दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व उत्तर राजस्थान में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्राी सेल्सियस भी कम दर्ज हो रहा है। दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम के साथ 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम के साथ 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब को लेकर वार्निंग जारी की है। जिसमें इन दोनों राज्यों में शीतलहर चलने और कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के लिए भी मौसम विभाग ने शीतलहर चलने और कोहरा छाने के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर से पंजाब, हरियाणा और नॉर्थ राजस्थान में घना कोहरा और बेहद घना कोहरा छाने आशंका जताई है। साथ ही इन राज्यों में अगले दो दिनों तक शीतलहर के चलने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में इस तरह की स्थिति बनी है। इसकी वजह से रविवार को हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हुई। साथ ही 26 दिसंबर को भी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। वहीं, 29 दिसंबर को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत में दस्तक देगा।