scriptहाईवे का बिछा जाल, टोल टैक्स कलेक्शन से सरकार मालामाल,  वसूली जा पहुंची 81 हजार करोड़ पार | Know How much Highway toll tax collection in Modi government | Patrika News

हाईवे का बिछा जाल, टोल टैक्स कलेक्शन से सरकार मालामाल,  वसूली जा पहुंची 81 हजार करोड़ पार

locationनई दिल्लीPublished: Feb 04, 2022 12:28:58 am

Submitted by:

Navneet Mishra

मोदी सरकार में देश में हाईवे का जाल बिछ रहा है। अच्छी सड़कों पर कौन नहीं चलना चाहता। वाहनों की भरमार से सरकार की तिजोरी भी भर रही है। हाईवे पर फर्राटा भरने वाले वाहन सरकार को मालामाल कर रहे हैं। लोकसभा में हुए एक सवाल के जवाब से पता चला है कि देश में पिछले तीन वर्षों के दौरान टोल टैक्स वसूली 81 हजार करोड़ पार जा पहुंची है।

highway2.jpg
नवनीत मिश्र
नई दिल्ली। देश में नेशनल हाईवे पर फर्राटा भरने वाले वाहनों ने सरकार की तिजोरी भरी है। टोल टैक्स कलेक्शन से लगातार केंद्र सरकार मालामाल हो रही है। पिछले तीन वर्षों में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 81,227 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं। लोकसभा में गुरुवार को हुए एक सवाल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के जवाब से टोल टैक्स कलेक्शन के आंकड़े का पता चला है।
दरअसल कांग्रेस सांसद वी वैथिलिंगम ने पिछले तीन वर्षों में देश में टोल प्लाजा की ओर से वसूली गई धनराशि का ब्यौरा मांगा था। उन्होंने अतारांकित सवाल में यह भी पूछा था कि टोल संग्रह के लिए मुकदमेबाजी झेल रहे टोल प्लाजाओं की संख्या कितनी है। कांग्रेस सांसद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से यह भी बताने को कहा था कि क्या टोल टैक्स की दरों को कम करने के लिए समीक्षा करने की तैयारी है?
इसका जवाब देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि वर्ष 2018-19 में 25092.38 करोड़, 2019-20 में 27636.05 करोड़ और 2020-21 में 28499.12 करोड़ रुपये का टोल कलेक्शन हुआ।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि देश में कुल 12 टोल प्लाजा पर शुल्क को लेकर मुकदमेबाजी में फंसे हैं। इसमें लगभग 76 करोड़ रुपये शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार का एक दशक से भी पहले निर्मित राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए शुल्क की समीक्षा करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इस प्रकार केंद्रीय मंत्री के जवाब से स्पष्ट है कि मंत्रालय, फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल शुल्क की समीक्षा करने के मूड में नहीं है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो