समाचार

प्रदेश में आजादी के बाद 31 बार सांसद चुनी गई महिलाएं, जनता ने 14 दफा पूर्व राजपरिवार की सदस्यों को चुना

प्रदेश में आजादी के बाद से लेकर अब तक हुए 17 लोकसभा चुनावों में 203 महिलाएं बतौर प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा चुकी हैं। इनमें से 31 बार वे सांसद चुनी गईं। ये दीगर है कि 14 बार जनता ने पूर्व राज परिवारों से जुड़ी महिला प्रत्याशियों को अपना सांसद चुना।

उदयपुरApr 23, 2024 / 11:00 pm

Rudresh Sharma

उदयपुर . देश में लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण भले ही अब तक लागू नहीं हुआ हो। लेकिन चुनाव को लेकर महिलाओं में जागरूकता जरूर बढ़ी है। प्रदेश में आजादी के बाद से लेकर अब तक हुए 17 लोकसभा चुनावों में 203 महिलाएं बतौर प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा चुकी हैं। इनमें से 31 बार वे सांसद चुनी गईं। ये दीगर है कि 14 बार जनता ने पूर्व राज परिवारों से जुड़ी महिला प्रत्याशियों को अपना सांसद चुना। हालांकि देश के पहले लोकसभा चुनाव 1952 में मात्र दो ही महिला प्रत्याशियों भरतपुर – सवाई माधोपुर से शारदा बाई तथा सिरोही-पाली से रानी देवी भार्गव ने चुनाव लड़ा था और दोनों ही जीत नहीं सकी। इसके बाद 1962 के दूसरे चुनाव में छह महिलाएं लोकसभा सदस्य का चुनाव लड़ीं, जिनमें से जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य गायत्री देवी 77.08 प्रतिशत वोट हासिल कर प्रदेश की पहली महिला सांसद बनी। वे लगातार तीन बार जयपुर सांसद रही। वहीं 1971 में जोधपुर के पूर्व राजपरिवार की कृष्णा कुमारी सांसद चुनी गई। इस बीच 1952 और 1977 के दो चुनाव ऐसे भी हुए, जिनमें पूरे प्रदेश में एक भी महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं थी।

इनका पूर्व राजपरिवारों से नाता

प्रदेश की निर्वाचित महिला सांसदों में गायत्री देवी का जयपुर, कृष्णा कुमारी का जोधपुर, वसुंधरा राजे का धौलपुर, महिंद्रा कुमारी का अलवर, कृष्णेंद्र कौर दीपा व दिव्या सिंह का भरतपुर, चंद्रेश कुमारी का जोधपुर व दिया कुमारी का जयपुर के पूर्व राज घरानों से नाता है।

इन्हें एक बार से अधिक मिला संसद में प्रतिनिधित्व का मौका

प्रदेश में कुछ महिला सांसद ऐसी भी रही, जिन्हें लोकसभा में एक बार से अधिक जनता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इनमें गायत्री देवी जयपुर से तीन बार, वसुंधरा राजे झालावाड़ से पांच बार, डॉ.गिरिजा व्यास उदयपुर व चित्तौड़गढ़ से चार बार, निर्मला कुमारी चित्तौड़गढ़ से दो बार, उषा मीणा सवाई माधोपुर से दो बार, जसकौर मीणा सवाई माधोपुर व दौसा से दो बार संसद की सदस्य चुनी गई।

Hindi News / News Bulletin / प्रदेश में आजादी के बाद 31 बार सांसद चुनी गई महिलाएं, जनता ने 14 दफा पूर्व राजपरिवार की सदस्यों को चुना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.