script20 विधायकों की जीत को हाईकोर्ट में चुनौती | Assembly election win of 20 MLAs challenged in Gujarat HC | Patrika News

20 विधायकों की जीत को हाईकोर्ट में चुनौती

Published: Feb 08, 2018 11:42:19 pm

Submitted by:

Uday Kumar Patel

तीन मंत्रियों-चुडासमा, सौरभ, कानाणी सहित भाजपा के 16 विधायकों के निर्वाचन के खिलाफ याचिका
कांग्रेस के भी चार विधायकों के खिलाफ गुहार

high court

अहमदाबाद. करीब दो महीने पहले संपन्न गुजरात विधानसभा चुनाव में 20 विधायकों की जीत को गुजरात उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई है। इनमें भाजपा के तीन मंत्रियों-भूपेन्द्र सिंह चुडास्मा, सौरभ पटेल व किशोर कानाणी सहित 16 विधायकों के निर्वाचन के खिलाफ चुनाव याचिका दायर की है। वहीं कांग्रेस के चार विधायकों की जीत को भी न्यायालय में चुनौती दी गई है। इनमें अहमदाबद शहर-जिले की तीन व सूरत शहर की तीन सीटें शामिल हैं। इन याचिकाओं में चुनाव प्रक्रिया और मतगणना पर सवाल उठाते हुए विभिन्न कारणों के साथ इस सीटों से विधायकों के निर्वाचन को चुनौती दी गई है। इन याचिकाओं पर आगामी दिनों में सुनवाई होगी।
धोलका सीट पर कांग्रेस के हारे उम्मीदवार अश्विन राठौड़ ने कैबिनेट मंत्री चुडास्मा (धोलका), धीरज कलाथिया ने बोटाद से जीते कैबिनेट मंत्री सौरभ पटेल तथा पोरबंदर सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया ने भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री बाबू बोखीरिया के खिलाफ याचिका दायर की है। अहमदाबाद जिले की धोलका सीट से चुडासमा ने राठौड़ पर 327 वोटों से, सौरभ पटेल ने कलाथिया पर 906 वोटों से तथा पोरबंदर सीट से बोखीरिया ने मोढवाडिया पर 1855 वोटों से जीत दर्ज की थी।
गोधरा सीट से कांग्रेस के हारे उम्मीदवार राजेन्द्र सिंह परमार ने भाजपा के विधायक सी. के. राउलजी की सिर्फ 258 वोटों से जीत को चुनौती दी है। राउलजी राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। भरूच जिले की वागरा सीट से हारे कांग्रेस उम्मीदवार सुलेमान पटेल ने भाजपा विधायक अरुण सिंह राणा के 2628 वोटों से तथा वडोदरा जिले की डभोई सीट से कांग्रेस के हारे उम्मीदवार सिद्धार्थ पटेल ने भाजपा विधायक शैलेष मेहता की 2839 वोटों से जीत को चुनौती दी है।

सूरत के तीन भाजपा विधायकों की जीत को चुनौती
सूरत शहर के वराछा रोड सीट से भाजपा विधायक व मंत्री किशोर कानाणी की जीत को कांग्रेस उम्मीदवार धीरू गजेरा ने चुनौती दी है। कानाणी ने गजेरा को 3998 वोटों से हराया था। सूरत शहर की लिंबायत सीट से कांग्रेस के हारे उम्मीदवार डॉ रविन्द्र पाटिल ने भाजपा विधायक संगीता पाटिल की जीत को चुनौती दी है। संगीता ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी को 31951 वोटों से हराया था। सूरत शहर की कामरेज सीट से कांग्रेस के हारे उम्मीदवार अशोक जीरावाला ने भाजपा विधायक वी.डी. झालावाडिया की जीत को चुनौती दी है।
कांग्रेस के हारे उम्मीदवार कमलेश पटेल ने हिम्मतनगर से भाजपा विधायक राजेन्द्रंिसह चावड़ा के 1712 वोटों से तथा गुजरात जन चेतना पार्टी के उम्मीदवार मनूभाई चावड़ा ने भावनगर जिले में गारियाधार सीट से भाजपा विधायक केशू नाकराणी की जीत को चुनौती दी है। नाकराणी ने कांग्रेस उम्मीदवार परेश खेनी को 1876 वोटों से हराया था।
साबरकांठा जिले की प्रांतिज सीट से हारे कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्रसिंह बारैया ने गजेन्द्र परमार की 2551 वोटों से जीत को चुनौती दी है। कच्छ जिले की मांडवी सीट से हारे निर्दलीय प्रत्याशी विजय शाह ने भाजपा विधायक वीरेन्द्रसिंह जाडेजा की जीत को चुनौती दी है। कांग्रेस के उम्मीदवार संजय पटेल ने खेड़ा जिले की मातर सीट से भाजपा विधायक केसरीसिंह सोलंकी की जीत को, कांग्रेस उम्मीदवार गेंदालभाई परमार ने महीसागर जिले की संतरामपुर सीट से चुने गए विधायक कुबेर भाई डिंडोर तथा कांग्रेस के हारे उम्मीदवार मेरामण आहीर ने द्वारका सीट से भाजपा विधायक पबुभा माणेक की जीत को चुनौती दी है।

कांग्रेस के चार विधायकों के खिलाफ याचिका
एनसीपी के हारे उम्मीदवार हबीब इमामुद्दीन शेख ने अहमदाबाद शहर की जमालपुर-खाडिया सीट के निर्वाचन को चुनौती दी है। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान खेडावाला को जीत मिली। जक्षीजी ठाकोर ने पाटण से जीते कांग्रेस विधायक के.सी.पटेल के खिलाफ तथा गांधीनगर उत्तर से कांग्रेस विधायक सी जे चावड़़ा कांग्रेस की जीत को भी चुनौती दी गई है। आम आदमी पार्टी के नेता जे जे मेवाडा ने अहमदाबाद शहर की दाणीलीमडा सीट से कांग्रेस विधायक शैलेष परमार की जीत को चुनौती दी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो