scriptगर्भवती महिलाएं सुबह से करती रहीं इंतजार | Pregnant women kept waiting since morning | Patrika News

गर्भवती महिलाएं सुबह से करती रहीं इंतजार

Published: May 03, 2022 07:11:27 pm

Submitted by:

Shailendra shirsath

सोनोग्राफी रूम पर डला रहा ताला

गर्भवती महिलाएं सुबह से करती रहीं इंतजार

गर्भवती महिलाएं सुबह से करती रहीं इंतजार

डॉ. आंबेडकर नगर (महू). तहसील के सबसे बड़े अस्पताल सिविल अस्पताल में एक वर्ष से बंद सोनोग्राफी सुविधा को हाल ही में शुरू किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंदौर से रेडियोलॉजिस्ट नियुक्तकिया गया है। सोमवार तय समय पर रेडियोलॉजिस्ट को अस्पताल पहुंचना था। सोनोग्राफी के लिए सुबह से ही अस्पताल में दर्जनों गर्भवती महिलाएं पहुंच गई। इंतजार होता रहा, लेकिन दोपहर बीत जाने पर भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं आया। बता दें कि हाल ही में एसडीएम अक्षत जैन ने अस्पताल प्रबंधन को लेकर कई निर्देश दिए थे। जिसमें सोनोग्राफी सुविधा को शुरू करने के लिए भी कहा गया था। सिविल अस्पताल में हर दिन 20 से अधिक महिलाएं स्वास्थ्य संबंधित मामलों को लेकर अस्पताल आती हैं। जिसमें गर्भवती महिलाओं की संख्या अधिक हैं। इलाज के दौरान सोनोग्राफी की जरूरत होती है, लेकिन सिविल अस्पताल में सालभर से सोनोग्राफी सुविधा बंद है। दरअसल, यहां पूर्व में जो रेडियोलॉजिस्ट था, उसका मार्च 2021 माह में ही ट्रांसफर हो गया था। इसके बाद से निजी सोनोग्राफी सेंटरों की चांदी हो गई है।
पिछले महीने ही हुआ आदेश
सीएचएमओ डॉ. बीएस सैत्या ने 20 अपै्रल को एक आदेश जारी किया था, जिसमें सोनोग्राफी करने के लिए इंदौर के डॉ. दीपक जैन को प्रति सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 11 से दोपहर 2 बजे सिविल अस्पताल में काम करने के लिए कहा था। गत शुक्रवार को डॉ. दीपक ने कुछ सोनोग्राफी भी की। लेकिन सोमवार को वे नहीं आए। जबकि सोमवार को सोनोग्राफी के लिए सुबह से ही आदिवासी महिलाएं अस्पताल पहुंच चुकी थी। रेडियोलॉजिस्ट के बारे में अस्पताल प्रबंधन को भी जानकारी नहीं थी।
मुझे जानकारी नहीं
इस संबंध में सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. एचआर वर्मा ने बताया कि इंदौर से रेडियोलॉजिस्ट को आकर सोमवार से शुक्रवाार तक सोनोग्राफी करना है। इस संबंध में आदेश भी जारी हो चुके हंै, लेकिन सोमवार को संबंधित रेडियोलॉजिस्ट अस्पताल नहीं आए। न ही उन्होंने अस्पताल को किसी तरह की सूचना दी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो