बीस हजार फीट की ऊंचाई पर हिमस्खलन में लापता जवानों को खोजने के लिए सियाचिन में जारी राहत अभियान में पांच दिन बाद सेना को कुछ सफलता हासिल हुई। शहीद हुए एक जवान का शव राहत दल ने खोज लिया है।
सेना प्रवक्ता कर्नल एनएन जोशी के अनुसार अत्यधिक कम तापमान, लगातार बर्फबारी और कम दृश्यता के चलते राहत अभियान प्रभावित हो रहा है। राडार्स की मदद से कई संभावित स्थानों पर करीब तीस फीट तक बर्फ को काटा गया है।
इलाके में बर्फ अब भी अस्थिर है और फिर से हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे हालात में अभियान की निगरानी और सहायता के लिए अलग कैंप बनाया है। कर्नल जोशी ने बताया कि सारे जवानों के मिलने तक खोज अभियान जारी रहेगा।