विश्व को प्रेम-दया का संदेश देने वाले प्रभु यीशू मसीह के जन्म दिन क्रिसमस के उपलक्ष्य में गुरुवार मध्यरात्रि को सूर्यनगरी के प्रमुख गिरिजाघरों में मध्यरात्रि प्रार्थना आयोजन किया गया। आकर्षक रोशनी से सजे गिरिजाघरों में मध्यरात्रि आराधना के बाद मसीही समाज के लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी। मसीही समाज के घरों में क्रिसमस कैरोल्स गायन एवं मित्रों-परिजनों को केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी।
क्रिसमस आराधना आज
सेंट थेरेसास चर्च में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे क्रिसमस आराधना के दौरान मिस्सा बलिदान की रस्म होगी। सेंट पेट्रिक स्कूल मैदान में शाम 4 बजे से क्रिसमस स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। तारघर के पीछे स्थित समरवेल मेमोरियल चर्च में सुबह 9.30 बजे से संयुक्त क्रिसमस आराधना होगी।
जेडीए सर्किल के पास स्थित सेंट थेरेसास् कैथोलिक चर्च में फादर थॉमस टी के सान्निध्य में आयोजित क्रिसमस मिड नाइट सर्विस के दौरान विश्व में अमन-चैन की प्रार्थना की गई।
चर्च में गूंजे यीशू जन्म के गीत
तारघर के पीछे स्थित समरवेल मेमारियल चर्च में गुरुवार मध्यरात्रि संयुक्त क्रिसमस आराधना (केंडल लाइट सर्विस) का आयोजन किया गया। आकर्षक रंग बिरंगी रोशनी में नहाए चर्च में रेव्ह. क्रूस लॉयल व ईएन हाबिल के सान्निध्य में रात्रि 11 बजे आराधना का शुभारंभ किया गया।
इस मौके मध्यरात्रि आराधना में कलिसिया के समस्त मसीहीजनों ने आया चरनी में तारणहार देने सहारा... जन्म मनाए जिसका जग सारा... आदि यीशू जन्म से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। चर्च परिसर में यीशू जन्म से जुड़ी क्रिब झांकी पर आकर्षक रोशनी की गई। सेन्ट्रल मेथोडिस्ट चर्च में रेव्ह. सुमित आर चौहान के सान्निध्य में मिड नाइट केंडल नाइट सर्विस का आयोजन किया गया।