हर्यो देख हर्षायो हिवड़ो
चित्तौड़गढ़.हरियाली अमावस्या पर शनिवार को हजारों लोगों ने प्रकृति की गोद में पिकनिक ...
चित्तौड़गढ़
Updated: January 16, 2015 12:09:57 pm
चित्तौड़गढ़.हरियाली अमावस्या पर शनिवार को हजारों लोगों ने प्रकृति की गोद में पिकनिक का लुत्फ उठाया। प्रकृति का सान्निध्य पाने के लिए लोगों के कदम प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ चले। चित्तौड़ दुर्ग पर सुबह से शाम तक लोगो का रैला नजर आया।
दुर्ग पर सुबह आठ-नौ बजे बाद से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। सुबह 11 बजे बाद से दुर्ग मार्ग से लेकर पद्मिनी पैलेस तक करीब सात-आठ किलोमीटर मार्ग पर लोगों के जत्थे नजर आए। यह क्रम शाम तक चलता रहा। शाम करीब चार बजे बाद लोग दुर्ग से उतरने लगे। दुर्ग पर हजारों लोगों की भीड़ के मद्देनजर यातायात पुलिस की ओर से चार पहिया, तीन पहिया वाहनों के आने-जाने पर सुबह से ही रोक लगा दी थी। सुबह 11 बजे बाद दुपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी। ओछड़ी दरवाजे से लेकर पूरे दुर्ग मार्ग पर आवाजाही जारी रही।
रंग-बिरंगे परिधानों में शहरी, ग्रामीण लोगों के रैले नजर आए। विदेशी सैलानी भी वाहनों की रोक के कारण पैदल ही दुर्ग पर गए। दुर्ग पर व्यू पांइट, संग्रहालय, विजय स्तम्भ, कालिका माता मंदिर, पद्मिनी पैलेस सहित विभिन्न स्थलों पर लोगों की खासी भीड़ थी। लोगों ने पार्टी तथा पिकनिक का आनंद लिया। वाहनों को सांवलियाजी विश्रान्ति गृह व ओछड़ी दरवाजे पर रोक दिया गया। यहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े थे। आगे दुर्ग मार्ग से जुड़ने वाले अन्य मार्गो को बेरिकेटिंग लगाकर बंद कर दिया गया था।
मेले सा परिवेश
दुर्ग पर हरियाली अमावस्या पर्व पर मेले सा परिवेश रहा। सांवलियाजी विश्रान्ति गृह से लेकर दुर्ग पर कई जगह अस्थायी दुकाने सज गई। दुर्ग मार्ग पर चाय, चाट, पकौड़ी, परिधान, टोपी, चश्मे, फल, सौन्दर्य प्रसाधन सहित कई अस्थायी दुकानें सज गई। दुर्ग पर भी कई जगह दुकानें लगी। भीड़ के चलते यहां ग्राहकी तेज रही। पेट्रोल पम्पों पर भीड़ रही।
मालपुओ की ब्रिकी
हरियाली अमावस्या पर्व पर परम्परागत मिठाई में मालपुए व रबड़ी की अच्छी ब्रिकी हुई। शहर में मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर मालपुए बनते रहे। ग्राहकी के चलते कई दुकानों को बाहर तक सजा दिया गया। फल, मिठाइयों की ब्रिकी में भी इजाफा हुआ। दुर्ग मार्ग व दुर्ग पर जगह-जगह यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी तैनात रहे। लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनातगी के साथ पुलिस के वाहन गश्त करते नजर आए।

पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
