
नोएडा। प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद यूपी पुलिस ने ताबड़तोड़ एनकाउंटर किए। जिसके बाद बदमाशों में खौफ साफ देखने को मिला। वहीं अब शासन ने सभी पुलिसकर्मियों को फिट रहने का निर्देश दिया है। इसके तहत अब जिले में भी पुलिसकर्मयों को फिट रखने के लिए इंतजाम कर दिए हैं। जिसके चलते जल्द ही नोएडा पुलिस बिलकुल फिट नजर आने लगेगी।
दरअसल, पुलिसकर्मियों को फिट रखने के लिए थानों में ही जिम की व्यवस्था की जा रही है। इसके चलते ईकोटेक-थ्री और नॉलेज पार्क सहित कई थानों की नई बिल्डिंग में एक अलग से हॉल बनाया गया है। जिसमें जिम के उपकरण लगाए जाएंगे। हालांकि अभी जिम के उपकरण थानों में नहीं पहुंचे हैं। वहीं बताया जा रहा है कि जिन भी थानों में जिम की व्यवस्था नहीं है। वहां के सभी पुलिसकर्मी अपने पास के थाने में जाकर जिम कर सकेंगे।
गौरतलब है कि अक्सर पुलिसकर्मियों को उनकी तोंद आदि के लिए सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता है। इसके साथ ही इन पुलिसकर्मियों को उनकी तोंद की वजह से ही कई बार थानों में तैनाती नहीं दी जाती और उन्हें सिर्फ ऑफिस का की कार्य सौंप दिए जाते हैं। लेकिन अब शासन ने पुलिसकर्मियों को फिट रखने के लिए थानों में जिम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी डॉ अजय पाल शर्मा ने बताया कि पुलिस की नौकरी भागदौड़ की होती है। इसलिए उनके लिए फिटनेस बहुत जरूरी है। जिले में पुलिसकर्मियों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले के थानों में जिम की व्यवस्था की जा रही है।
Published on:
10 Jun 2018, 7:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.