चोर सूने मकान से ले उड़े 25 तोला सोने-चांदी के जेवरात कोटा. कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के चंचल विहार में मंगलवार को दिन दहाड़े एक सूने मकान के ताले टूट गए। चोर यहां से 25 तोला सोने व चांदी के जेवरात ले उड़े। वारदात का पता मकान मालकिन को देर शाम घर आने पर लगा। अग्रवाल समाज की महिला अध्यक्ष मंजू मित्तल ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर 12 बजे बाद शादी समारोह में चली गर्इं। शाम को घर आने पर चोरी का पता चला। घर की छत का दरवाजा खुला हुआ था। चोर घर के पीछे की दीवार पर चढ़कर छत पर गया। वहां से मकान में आया। चारों कमरों के कुंदे टूटे थे। कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इनमें लगी अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए। चोर 2 सोने के नेकलेस, 8 सोने की अंगूठियां, 3 सोने की चेन , 4 सोने के कंगन, 3 जोड़ी कान के टॉप्स, 1 सोने का सिक्का, 21 चांदी के सिक्के व चांदी की बिछिया, 5 चांदी पायजेब की जोड़ी ले गए। सूचना पर कुन्हाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची तथा मौका मुआयना किया। मामले को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की।