scriptप्रिया गोल्ड फैक्ट्री में हंगामा, तोड़फोड़, पथराव के बाद लाठीचार्ज | Violence inside the Priyagold biscuit manufacturing unit at Surajpur in Greater Noida | Patrika News

प्रिया गोल्ड फैक्ट्री में हंगामा, तोड़फोड़, पथराव के बाद लाठीचार्ज

locationनोएडाPublished: Jun 30, 2017 09:39:00 am

Submitted by:

lokesh verma

दर्जनभर पुलिसकर्मी घायल, एक दर्जन से ज्यादा उपद्रवी
पुलिस हिरासत में

greater noida

greater noida

ग्रेटर नोएडा. सूरजपुर उद्योग विहार स्थित प्रिया गोल्ड फैक्ट्री में कर्मचारी से मारपीट करने वाले प्रबंधक को फैक्ट्री से निकालने की मांग लेकर कर्मचारियों ने जमकर बवाल काटा और सड़क जाम कर वहां से गुजर रही गाड़ियों पर पथराव किया। इस पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें दर्जनभर महिलाएं घायल हो गईं तथा एसओ नालेज पार्क अखिलेश त्रिपाठी व इंसपेक्टर मनीष सक्सेना सहित करीब 12 पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। पथराव की सूचना पर एक दर्जन थानों की पुलिस व दो कंपनी पीएसी मौके पर पहुंच गई और किसी तरह उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाया। इस मामले में पुलिस ने दर्जनभर संदिग्धों को हिरासत में लिया है।



दरअसल एक कर्मचारी का प्रबंधक से विवाद हो गया था। इसके बाद प्रबंधक को फैक्ट्री से निकालने की मांग लेकर सभी कर्मचारी गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। दूसरी शिफ्ट में रात सात बजे के करीब फैक्ट्री आने वाले अन्य कर्मचारियों को भी गेट पर रोक लिया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने फैक्ट्री पर पथराव किया और इसकी सूचना फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। जिसके बाद भीड़ में भगदड़ मच गई।

पुलिस के अनुसार उद्योग विहार स्थित बिस्कुट फैक्ट्री प्रिया गोल्ड में कार्यरत प्रबंधक व एक कर्मचारी के बीच कार्य को लेकर विवाद हुआ था। कर्मचारी एकजुट हो गए और फैक्ट्री के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। इसी बीच कुछ उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ते हुए पथराव शुरू कर दिया। पथराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सूरजपुर पुलिस को भी नहीं बख्शा। पुलिस की गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। पथराव की सूचना पर एक दर्जन थानों की पुलिस व दो कंपनी पीएसी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। इसमें दर्जनभर महिलाएं घायल हो गईं तथा एसओ नालेज पार्क अखिलेश त्रिपाठी व इंसपेक्टर मनीष सक्सेना सहित करीब 12 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने एक दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो