ओपिनियन

नए जोश में कांग्रेस

सारा दारोमदार राहुल गांधी की नई टीम पर होगा कि वह कैसे सभी को साथ लेकर चलेगी। भाजपा के खिलाफ विपक्ष में एकजुटता व एक राय बनाएगी।

Mar 19, 2018 / 01:43 pm

सुनील शर्मा

rahul gandhi

देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस का दो दिवसीय ८४ वां महाअधिवेशन समाप्त हो गया। युवा अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस के बुजुर्ग से लेकर युवा नेताओं ने विचार रखे। राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी , पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह , पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम सहित सभी नेताओं के संबोधनों में निशाने पर सिर्फ भाजपा व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रहे।
भाषण में राहुल ने महाभारत का जिक्र करते हुए भाजपा और आरएसएस की तुलना कौरवों तथा कांग्रेस की पांडवों से की। भाजपा नेताओं को भ्रष्ट और घमंडी तो कांग्रेसियों को सच के लिए लडऩे वाला बताया। दो दिन के विभिन्न सत्रों में भ्रष्टाचार, नीरव मोदी, किसानों के मुद्दों और न्यायपालिका पर संकट को लेकर चर्चा हुई, प्रस्ताव भी पारित हुए। जेटली व उनकी पुत्री, जज लोया प्रकरण में भाजपा अध्यक्ष पर आरोप उछाले तो हाल के उपचुनावों में विपक्ष की जीत से उत्साहित नवजोत सिद्धू ने राहुल गांधी के अगले वर्ष लाल किले पर तिरंगा फहराने की बात कह सम्मेलन में जोश भरा।
एनडीए सरकार पर जम्मू-कश्मीर मसले को और उलझाने, प्रधानमंत्री पर ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के आरोप भी लगाए। गौरी लंकेश व कलबुर्गी मामलों पर सरकार की खिंचाई की। राहुल ने जनता का आह्वान किया कि देश झूठी उम्मीदों पर जिएगा या सच का सामना करने वालों का साथ देगा। उन्होंने यूपीए सरकार की नाकामियां भी मानीं। कहा हमसे गलतियां हुईं जिससे मतदाता ने हमें नकार दिया। हम लायक युवाओं को आगे लाएंगे। राहुल को नई कार्यसमिति चुनने के अधिकार का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
राहुल ने भी साफ संदेश दिया कि अब कांग्रेस का भविष्य युवा ही हैं। बुजुर्ग नेताओं को इससे जरूर निराशा होगी। कुल मिलाकर महाअधिवेशन में प्रतिनिधि उत्साह में दिखे। वरिष्ठ नेताओं ने भी जोश भरा। अब कांग्रेस और राहुल गांधी के सामने सबसे बड़ी चुनौती हिन्दी भाषी राज्यों में विधानसभा और अगले वर्ष आम चुनाव में भाजपा को मात देना है। सारा दारोमदार राहुल गांधी की नई टीम पर होगा कि वह कैसे सभी को साथ लेकर चलेगी। भाजपा के खिलाफ विपक्ष में एकजुटता व एक राय बनाएगी। जनता की निगाह भी इसी पर है। समय कम और चुनौतियां अपार हैं।

Home / Prime / Opinion / नए जोश में कांग्रेस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.