ओपिनियन

सामयिक : आम लोगों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं पर्यावरण नीतियां

जय जगत यात्रा संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप-26) स्थल पर पहुंचकर बनाएगी वैश्विक नेताओं पर दबाव।

नई दिल्लीOct 30, 2021 / 10:38 am

Patrika Desk

सामयिक : आम लोगों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं पर्यावरण नीतियां

जनमेजय सिंह, (जय जगत यात्रा में शामिल पदयात्री)

महात्मा गांधी के अहिंसा और शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुरू की गई जय जगत यात्रा अब संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप 26) में पहुंचकर विश्व का ध्यान उन लोगों की तरफ आकर्षित करेगी, जो गलत नीतियों के कारण मुश्किल में हैं। विश्व के नेताओं से अपील की जाएगी कि वे पर्यावरण से जुड़ी ऐसी नीतियों का निर्माण करें, जिससे आम लोगों की मुश्किलें कम हों। गौरतलब है कि 2012 में जन सत्याग्रह पूरा होने के बाद एकता परिषद और विश्व के कई गांधीवादी साथियों ने विश्व शांति के लिए साथ जुड़ कर काम करने का निर्णय किया था। दिवंगत एस.एन. सुब्बाराव (भाईजी) के नैशनल यूथ प्रोजेक्ट से उभरे नायक जैसे पी. वी. राजगोपाल और रण सिंह ने गांधीवादी जननायिका जिल कार हेरिस के अलावा फ्रंास, मैक्सिको, स्विट्जरलैंड, कनाडा, अमरीका, केन्या इत्यादि देशों के मित्रों के साथ जय जगत आंदोलन की शुरुआत की। यह आंदोलन न्याय और शांति के लिए विश्व भर में सक्रिय है।

जय जगत का सिद्धांत आचार्य विनोबा भावे ने प्रस्तुत किया था। इन सिद्धांतों को इक्कीसवीं शताब्दी के परिवेश से जोड़कर जय जगत चार मूल मुद्दों पर काम कर रहा है। ये हैं युद्ध और हिंसक मतभेदों को सुलझाना, सामाजिक बहिष्करण हटाना, गरीबी की समाप्ति और पर्यावरण आपदा को रोकना। जय जगत ने 2 अक्टूबर 2019 को एक अपूर्व चुनौती को स्वीकार किया। एक साल की पदयात्रा करने के लिए 12 देशों के 50 पदयात्री दिल्ली में साथ आए। यह यात्रा दिल्ली से स्विट्जरलैंड (जेनेवा) के लिए थी, जो करीब 11,000 किलोमीटर की दूरी है। जय जगत की यात्रा भारत में 2,100 किलोमीटर पूरी कर सेवाग्राम पहुंची, जहां सुब्बाराव ने शांति पथ पर चलने और अहिंसा के मूल्यों को लेकर युवा नेतृत्व बनाने के रास्ते को दर्शाया।

जय जगत यात्रा आर्मीनिया देश में चल रही थी, तब कोविड महामारी ने धावा बोल दिया। हर देश ने अपनी सीमाएं बंद करना शुरू कर दी। इस आपात परिस्थिति को देखते हुए दुखी मन से हम भारत वापस लौट आए, लेकिन आंदोलन को आगे ले जाने का प्रण लेकर हमने यहां भी काम शुरू कर दिया। 2020 में 36 से ज्यादा देशों के साथियों को हमने ऑनलाइन चर्चाओं में जोड़ा। जय जगत ने भारत में लॉकडाउन से प्रभावित ग्रामीण साथियों को भोजन, दवाई और कपड़े इत्यादि पहुंचाए। साथ ही कोरोना के बारे जागृति फैलाने के लिए अभियान चलाए। जय जगत ने इस वर्ष अपे्रल- मई में महामारी के प्रकोप के बीच गांव-गांव जाकर दवाई, एम्बुलेंस, डॉक्टर, मास्क, ऑक्सीजन और वैक्सीन पहुंचाने का काम किया। विश्व भर में हमारे साथियों ने आर्थिक मदद भी की और अपनी तरफ से आंदोलन भी किए। फ्रांस में शरणार्थियों की मदद करने के लिए आंदोलन किया और मैक्सिको में आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ी। भारत में पर्यावरण और न्याय को लेकर 120 पदयात्राएं हुईं। 2 अक्टूबर से गांधीवादी आंदोलनकर्ता पुष्पनाथ क्रिश्नमुर्थी, मैं और धीरा चक्रवर्ती (कलाकार) ने लंदन से ग्लासगो पदयात्रा शुरू की। संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप 26) में पहुंचकर आम जनता का मुद्दा उठाया जाएगा।

Home / Prime / Opinion / सामयिक : आम लोगों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं पर्यावरण नीतियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.