scriptकोरोना टीकाकरण अभियान में राजनीतिक दल कैसे मदद कर सकते हैं? | How can political parties help in the corona vaccination campaign? | Patrika News

कोरोना टीकाकरण अभियान में राजनीतिक दल कैसे मदद कर सकते हैं?

Published: Jun 21, 2021 06:47:32 pm

Submitted by:

Gyan Chand Patni

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

कोरोना टीकाकरण अभियान में राजनीतिक दल कैसे मदद कर सकते हैं?

कोरोना टीकाकरण अभियान में राजनीतिक दल कैसे मदद कर सकते हैं?

सभी राजनीतिक दल एक मंच पर आएं
विभिन्न राजनीतिक दलों को पक्ष-विपक्ष की भूमिका को भूलकर एक मंच पर आना चाहिए। जब तक लोगों में टीकाकरण को लेकर सद्भाव और उत्साह नहीं होगा, तब तक ये अपनी पूरी रफ्तार भी नहीं पकड़ पाएगा गांवों में आज भी लोग अपने जनप्रतिनिधियों की बातों को ज्यादा तवज्जो देते हैं। अत: उन्हें ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन को लेकर प्रेरित करना चाहिए। यदि सभी राजनीतिक मंच एक हो जाएंगे, तो कोई द्वेष भी नहीं रहेगा। लोगों के उत्साह और आपसी सहयोग की भावना से यह कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो सकेगा। जब टांग खिंचाई नहीं होती है, तो हर कोई अपनी जिम्मेदारी समझता है और इससे सकारात्मक दिशा में प्रयास शुरू हो पाते हैं। उम्मीद है, अब सभी राजनीतिक दल धर्म, जाति और पार्टी भुलाकर टीकाकरण कार्यक्रम में मदद करेंगे।
-अंकित शर्मा, जयपुर
…………………………
मतभेद भुलाकर टीकाकरण को गति देने का समय
कोरोना संक्रमण की दर कम करने के लिए टीकाकरण की गति को बढ़ाना बहुत जरूरी हैं। अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। तीसरी लहर का अंदेशा भी बना हुआ है। ऐसे समय में सभी राजनीतिक दल आपसी मतभेद भुलाएं और एकजुट होकर टीकाकरण अभियान को अधिक से अधिक सफल बनाएं। राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। ग्रामीण इलाकों में यह जिम्मेदारी वहां के सरपंच और पंचायतों के प्रतिनिधियों को निभानी चाहिए। छोटे-छोटे शिविर लगाकर टीकाकरण जागरूकता अभियान चलाया जा सकता है।
-नीलिमा जैन, उदयपुर
……………………
लोगों को जागरूक करने का समय
कोरोना महामारी पर काबू पाने के लिए राजनीतिक दलों को एकजुट होकर काम करना होगा। टीकाकरण की व्यवस्था केंद्र सरकार ने अपने हाथ में ले ली है, लेकिन उसे रफ्तार देने और व्यवस्था की निगरानी का जिम्मा राज्य के पास ही है। ऐसे में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने से बचें तथा नागरिकों की सुरक्षा पर अधिक ध्यान केंद्रित करें। राजनीतिक दल लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करें, जिससे लोग टीका लगाने से हिचकिचाएं नहीं।
-संध्या रामावत, बीकानेर
……………………

प्रेरित किया जाए
चुनाव के समय राजनीतिक पार्टियां शहर, गांव, घर तक जाकर प्रचार करती हैं। इसी प्रकार कोरोना के टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए और लोगों की शंका का निवारण किया जाए।
-प्रकाश चन्द्र राव, भीलवाड़ा
…………………………..
राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी
राजनीतिक दल कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हंै। इस पुनीत कार्य में जितनी सक्रियता जो दल दिखाएगा, उतना ही जनता की नजर में भरोसेमंद बनकर जनहित में अग्रणी कहलाएगा। राजनीतिक दल के कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए सरकार एवं प्रशासन का सहयोग करें, तो कोरोना टीकाकरण अभियान को गति मिल सकती है।
-डॉ.कान्ति लाल यादव, उदयपुर
………………………..
राजनीतिक दल कर सकते हैं लोगों को जागरूक
कोरोना महामारी से बचने का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। यह तभी संभव होगा जब सभी राजनीतिक दल आपसी द्वैष को भूलकर मानवता के हित में कार्य करेंगे। सभी दल स्थानीय लोगों से घर-घर जाकर संपर्क करें और उन्हें समझाएं कि दुनिया में जहां भी कोरोना संक्रमण फैला है उसे टीकाकरण के माध्यम से ही रोका गया है। टीका सुरक्षित और हमारे बचाव के लिए ही है। तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है, जो बच्चों के लिए घातक हो सकती है। अत: सभी को टीका लगवाना चाहिए।
-भागचंद मेहर, झालावाड़
……………………………
राजनीतिक दलों का सहयोग उपयोगी
राजनीतिक दल जनता के करीब भी होते हैं। राजनीतिक दलों की अनेक इकाइयां होती हैं जिनके पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय होते हैं। ये कोरोना टीकाकरण अभियान के लिए जनता को बेहतर तरीके से प्रेरित और जागरूक भी कर सकते हैं। इसलिए प्रशासन को राजनीतिक दलों का सहयोग लेना चाहिए।
-शुभम् दुबे, इंदौर, मप्र.
……………………………
न हो कोई राजनीति
कोरोना टीकाकरण अभियान मानवता से जुड़ा अभियान है। इसलिए किसी भी राजनीतिक दल को इसे राजनीति का जामा नहीं पहनाना चाहिए। सभी राजनीतिक दलों को संगठनात्मक रूप से इस अभियान को सफल बनाना चाहिए। इस समय मानवता पर संकट गहराया हुआ है। ऐसे में इसका राजनीतिकरण करना मानवता पर कुठाराघात होगा। प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए ।
-कमलेश कुमार कुमावत, चौमूं, जयपुर
………………………
जनता का विश्वास जीतने का समय
जिस तरह राजनीतिक दल अपने-अपने नेटवर्क के जरिए चुनाव जीतने की रणनीति बनाते हंै, उसी तरह वे अपने नेटवर्क को टीकाकरण अभियान में सहयोग के लिए सक्रिय कर सकते हैं। इससे आमजन में राजनीतिक दलों के प्रति विश्वास पैदा होगा।
-उदय बक्षी, कोटा
……………………………..
भ्रांतियां दूर करें
कोरोना टीकाकरण अभियान में अपेक्षित गति लाने के लिए इसके प्रति लोगों के मन में घर की गई भ्रांतियां दूर करना आवश्यक हो जाता है। टीकाकरण कोरोना से बचाव का सबसे प्रभावशाली तरीका है। राजनीतिक दल यह बात लोगों को समझा सकते हैं। सभी दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित और जागरूक करें। टीकाकरण पर राजनीति ना कर इस अभियान को सफल बनाएं।
-छाया कानूनगो, बैंगलूरु, कर्नाटक
…………………..
जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम
देश के समस्त सांसद और विधायक यदि अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हो जाएं और टीकाकरण के कार्यक्रम का जायजा लेते रहें, तो टीकाकरण अभियान को गति मिलेगी। वे प्रशासनिक एवं चिकित्सा विभाग के कर्मियों और जनता को प्रोत्साहित कर सकते हैं।
-मुकेश भटनागर, वैशाली नगर, भिलाई
………………………..
राष्ट्रीय आपदा का समय
राजनीतिक दल बहुत बड़ा योगदान कर सकते हैं। घर घर जाकर लोगों को समझना है कि वैक्सीन क्यों जरूरी है? साथ ही मास्क, 2 गज की दूरी, भीड़ से बचना जैसी सावधानी के बारे में समझाना है। यह राष्ट्रीय विपदा का समय है। अतः: दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को मिलजुल कर संयुक्त कदम उठाना चाहिए। भावना सिर्फ यही होनी चाहिए कि अधिकतम लोगों को सुरक्षा प्रदान की जाए। असली परीक्षा तो अब शुरू होने जा रही है। हमारे नेताओं को भगवान सद्बुद्धि दे, यही हार्दिक प्रार्थना है।
-राजेन्द्र कुमार सुराणा, रायपुर
…………………

मददगार हो सकते हैं राजनीतिक दल
राजनीतिक दल भारत देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हंै। चुनावी प्रक्रिया के चलते राजनीतिक दलों का आम जनता से सीधा संपर्क होता है। जो राजनीतिक दल सरकार बनाने के लिए जनता से वोट प्राप्त कर सकते हैं, उनका जीवन बचाने के लिए टीकाकरण भी करवा सकते हैं। प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग को योजनाबद्ध तरीके से सभी राजनीतिक दलों से मदद लेनी चाहिए।
-महिपाल सिंह चारण, जोधपुर
……………………
दूर कर सकते हैं भ्रम
कोरोना वैक्सीनेशन में राजनीतिक दल ही नहीं अभिनेता और स्टार खिलाड़ी भी महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर सकते हैं। इनको अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी चाहिए। वैक्सीनेशन को लेकर कई तरह के भ्रम पैदा हो गए हैं। नेता, अभिनेता और खिलाड़ी इन भ्रम को दूर कर सकते हैं।
– उमाकांत शर्मा, डग झालावाड़
…………………..
बड़ा है राजनीतिक दलों का नेटवर्क
वैश्विक महामारी कोरोना की दो भयावह लहर भुगतने के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि टीकाकरण व एडवाइजरी की पालना से ही इस महामारी से बचाव संभव है। ऐसे में प्रत्येक भारतीय को टीका लगाना होगा, जो बड़ी चुनौती है। इसके लिए आमजन, सरकार, प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों का सहयोग भी अपेक्षित है। राजनीतिक दलों का बूथ स्तर तक प्रबंधन बना रहता है एवं गांव के अंतिम छोर तक के कार्यकर्ताओं तक संपर्क रहता है। ये दल अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस टीकाकरण अभियान को पूर्ण रूप से सफल बना सकते हैं।
-सुदर्शन शर्मा, चौमूं, जयपुर
…………………….
मानवतावादी दृष्टिकोण की जरूरत
राजनीतिक दल एक दूसरे पर आक्षेप लगाने की बजाय मानवतावादी दृष्टिकोण अपनाते हुए टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग दें। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता जागरूकता फैलाएं और वैक्सीनेशन के लिए व्यवस्था मेें सहयोग करें।
-नेमीचन्द गहलोत, नोखा, बीकानेर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो