scriptसौर ऊर्जा उत्पादन को कैसे प्रोत्साहन मिल सकता है? | How can solar power generation be encouraged? | Patrika News

सौर ऊर्जा उत्पादन को कैसे प्रोत्साहन मिल सकता है?

Published: Oct 15, 2021 04:26:24 pm

Submitted by:

Gyan Chand Patni

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

सौर ऊर्जा उत्पादन को कैसे प्रोत्साहन मिल सकता है?

सौर ऊर्जा उत्पादन को कैसे प्रोत्साहन मिल सकता है?

नई नीति की जरूरत
सौर ऊर्जा से भविष्य में लोगों का जीवन और सरल और सहज होगा। कुदरत ने हमें सूर्य का अनुपम उपहार दिया है, जो अनंत ऊर्जा का भंडार है। हम कुदरत को भी सजाएं, पेड़ पौधों की रक्षा करें। अब विश्व के बहुत सारे देश सौर ऊर्जा पर जोर दे रहे हैं। इसलिए भारत सरकार को भी एक विशेष नीति बनाकर सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करना चाहिए।
-सतीश उपाध्याय, मनेंद्रगढ़ कोरिया, छत्तीसगढ़
…………………..
गांव की बिजली गांव में
सौर ऊर्जा संयंत्र में काम आने वाले उपकरणों के लिए आवश्यक सामान बनाने वाले कारखाने ज्यादा और जल्दी लगाए जाएं। हर घर की बिजली घर में बने, गांव की बिजली गांव में बने और हर शहर अपनी बिजली बनाने में आत्मनिर्भर बने। हर घर में सोलर पैनल बनाए जाएं। बंजर भूमि पर सोलर पैनल लगाए जाएं। अपने घर पर बनाई गई सोलर ऊर्जा को सरकार क्रय भी कर सकती है। उद्योगों, खेतों, सरकारी दफ्तरों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोलर ऊर्जा से संचालित उपकरण लगाए जाएं। सोलर ऊर्जा लगाने के लिए पंचायत और नगर निगम को प्रोत्साहित करना चाहिए और सरकार को सोलर पैनल लगाने पर सब्सिडी तथा कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए।
– माधव सिंह, श्रीमाधोपुर, सीकर
………………………..
जागरूकता की आवश्यकता
वर्तमान में अक्षय ऊर्जा के स्रोतों में सौर ऊर्जा एक आकर्षक और संभावना पूर्ण विकल्प के रूप में उभरी है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत विश्व के एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। भारत में ऊर्जा के नवीन स्रोतों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्रों को बढ़ावा मिले। साथ ही भारत को उच्च दक्षता या क्षमता वाले पैनलों और नई तकनीकों की दिशा में भी तेजी से आगे बढऩे की आवश्यकता है।
-अजिता शर्मा, उदयपुर
……………………..
सरकारी मदद जरूरी
सौर ऊर्जा के उत्पादन और उसके उपयोग के लिए सरकारी मदद और जनजागृति की जरूरत है। घर-घर ऊर्जा उत्पादन और उसके उपयोग के लिए जनजागृति अभियान चलाना होगा। कोयला और पानी से उत्पन्न होने वाली बिजली पर आखिर कब तक निर्भर रहा जा सकता है? बिजली की खपत दिन पर दिन बढऩा ही है व कोयला-पानी भी कम तो होना ही है। यह बात ध्यान में रखते हुए हमें सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक उपायों पर ध्यान देना ही होगा।
-महेश नेनावा, इंदौर, मप्र
…………………….
सौर ऊर्जा उपकरणों को बढ़ावा दिया जाए
वर्तमान में बिजली उत्पादन में कोयले की भारी कमी बाधक साबित हो रही है। इसलिए अब हमें सौर ऊर्जा को महत्व देना होगा। घरों की छतों पर सौर ऊर्जा प्राप्त करने के लिए उपकरण लगाने चाहिए। सौर कुकर, सौर लैंप जैसे सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे बिजली की बचत होगी।
-डॉ श्याम मनोहर व्यास, उदयपुर
…………………….

बढ़ रही है चिंता
दुनियाभर में ऊर्जा संकट हर रोज ज्यादा गंभीर होता जा रहा है। कोरोना महामारी के बाद बिजली और पेट्रोलियम की तेजी से बढ़ रही मांग और मौसम संबंधी भविष्यवाणियों के कारण दुनिया के लगभग हर क्षेत्र में चिंता बढ़ रही है।
-राहुल , राजसमंद
………………
जरूरी है जागरूकता
लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ बताने के लिए अभियान चलाकर जागरूक करने की जरूरत है। साथ ही सरकार द्वारा सब्सिडी दी जानी चाहिए, जिससे कम लागत में सौर ऊर्जा का प्रयोग छोटे उद्यमी और किसान भी कर पाएं। घरों में भी इसका उपयोग बढ़ाना चाहिए।
कला जोशी
………………………

आसानी से मिले ऋण
सोलर पैनल के लिए बैंक आसान किस्तों में लोन मुहैया करााए। इससे कमाई के अलावा रोजगार के अवसर बढ़ेेंगे। बिजली कंपनियों के साथ पावर परचेज एग्रीमेंट साइन करने के बाद सोलर प्लांट लगाएं। राज्य सरकारों द्वारा दिए ऑफरों का लाभ लें। लोकल बिजली कंपनियों से लाइसेंस लेने में किसी तरह की परेशानी न आए।
शिवजी लाल मीना, जयपुर
……………………………….
सस्ते संयंत्र लगाए जाएं
सभी दो मंजिला या बड़े मकानों में सस्ते सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के तरीके खोजें जाएं, तो सौर ऊर्जा उत्पादन को अवश्य प्रोत्साहन मिल सकता है। इससे बिजली संकट भी कम होगा।
-उदय बक्षी, कोटा
………………….
खाली जमीन पर लगाए जाएं सोलर संयंत्र
दुनिया अब सूर्य ऊर्जा के महत्व को समझ रही है। हमारे यहां भी सौर ऊर्जा से बिजली पैदा करना बेहतर माना जा रहा है। घर-घर सौर ऊर्जा के पैनल लगें, इसके लिए अधिक से अधिक सब्सिडी दी जानी चाहिए। खाली जमीनों पर सोलर पैनल लगाने जैसे कदम उठाने होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को अपनाने पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए। सूर्य की ऊर्जा सुलभ तथा सस्ती है। इसलिए इसे अपनाना होगा।
-साजिद अली, इंदौर

ट्रेंडिंग वीडियो