ओपिनियन

आज की बात, आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों से कैसे निपटा जाए?

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

Nov 18, 2020 / 04:43 pm

Gyan Chand Patni

आज की बात, आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों से कैसे निपटा जाए?

बड़े अभियान की जरूरत
आतंकवाद के विषैले जहर से भारत ही नहीं, अपितु विश्व के कई देश त्रस्त हैं। आतंकवाद से विश्व शांति और सुरक्षा को बड़ा खतरा है। आज बहुत जरूरी है कि शांति में विश्वास करने वाले देश आतंकवाद का समर्थन करने वाले देशों के विरुद्ध एक बड़ा अभियान चलाएं। वे देश जो आतंकियों को सहयोग, समर्थन और संरक्षण दे रहे हंै, उनका राजनीतक और आर्थिक मंचों पर पूर्ण रूप से बहिष्कार होना चाहिए। विकसित एवं विकासशील देश मिलकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और विश्व व्यापार संगठन के तहत ऐसे समझौते करें,जिससे आतंकवाद समर्थित देश आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक और रक्षा क्षेत्र में अलग- थलग पड़े। आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों से निपटना आवश्यक है।
-भगवान प्रसाद गौड़,उदयपुर
……………….
एकजुट होकर मुकाबले की जरूरत
आतंकवाद आज विश्व के सामने सबसे बड़ी समस्या है। जो देश आतंकियों को समर्थन देते हैं, उन पर संयुक्त राष्ट्र तथा दूसरे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के माध्यम से आर्थिक प्रतिबंध लगाना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आतंकियों को समर्थन और सहायता देने वाले देशों को भी दोषी ठहराया जाए और इस समस्या का संगठित तरीके से मुकाबला किया जाए।
-नेमीचंद कायथ, जयपुर
…………………..
जरूरी है बहिष्कार
आतंकवाद विश्वव्यापी समस्या है। यह बात सभी देश भली-भांति जानते और समझते हंै। इसके बावजूद भी कई देश ऐसे हंै, जो आतंकवाद का प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन करते हंै। ऐसे देशों का कारगर तरीके से और दृढ़ता के साथ बहिष्कार करना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र जैसे विश्वव्यापी संगठनों को भी आतंकवाद का समर्थक करने वाले देशों की सदस्यता खत्म कर देनी चाहिए।
-कुशल सिंह राठौड़, जोधपुर
…………………
ऐसे देशों की यात्रा से बचें
आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। भारत के लोगों को इन देशों की यात्रा नहीं करनी चाहिए। साथ ही इन देशों में उत्पादित वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
-प्रभात गुप्ता, जयपुर
…………………………………
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाने की जरूरत
आतंकवाद हर देश के सामने एक बड़ी चुनौती है। आतंकियों को समर्थन करने वाले देशों के लिए विशेष नीति बनाने की आवश्यकता है। इन देशों को आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से कमजोर करने की जरूरत है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन देशों को कमजोर करने की जरूरत है, जिससे इनमें आतंकी गतिविधि को समर्थन देने की इच्छाशक्ति कमजोर पड़़ सके।
-राजाराम अहिरवार, गंज बासौदा, मध्य प्रदेश
…………………………………
आयात-निर्यात पर प्रतिबंध लगाया जाए
आतंकियों को समर्थन करने वाले देशों को संयुक्त राष्ट्र समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों से बाहर करना चाहिए। साथ ही ऐसे देशों से आयात -निर्यात पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इन देशों के प्रतिभागियों पर बंदिश लगाई जाना चाहिए। जब चारो तरफ से नकेल कसी जाएगी और आर्थिक के साथ सामाजिक और मानसिक दबाव पड़े, तो ही आतंकवाद के समर्थक राष्ट्र सही रास्ते पर आएंगे।
-डॉ. वनोद वर्मा, देपालपुर
…………………….
कड़ा रुख अपनाया जाए
आतंकियों के समर्थक देशों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की जरूरत है। उन्हें उनकी ही भाषा में जवाब देना कारगर साबित होगा। हमें हमारे सैनिकों को गोरिल्ला योद्धा बनाना होगा। ।
-प्रो. गोपेश वाजपेयी, भोपाल, मध्यप्रदेश
…………………..
आर्थिक रूप से कमजोर करने की जरूरत
आतंकियों को शह देने वाले देशों से भारत को अपने लेन-देन बंद कर उन्हें आर्थिक स्थिति से कमजोर करना चाहिए। सीमा पर भारत को सुरक्षा बल बढ़ा कर अपने आप को आने वाली चुनौतियों के खिलाफ तैयार रहना चाहिए। भारत को दूसरे देशों की भी मदद लेनी चाहिए।
-श्रुति पारीक, दिल्ली
…………………..
सख्ती की जरूरत
आतंकवाद के मुद्दे पर सभी देशों को एकजुट होने की जरूरत है। आतंकवाद से लड़ाई का मतलब केवल आतंकियों और उनके संगठन या नेटवर्क को खत्म करना ही नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाने, शरण देने और बढ़ावा देने वालों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कदम उठाना भी है।
-कौशल किशोर नागर, कोटा
………………
व्यापार पर लगे प्रतिबंध
आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है। आर्थिक और व्यापारिक प्रतिबंध आवश्यक हैं, ताकि वे आतंकियों का समर्थन न करें। आतंकवाद विश्व शांति में बांधक है।
-लक्ष्मण सैन, जयपुर

Home / Prime / Opinion / आज की बात, आतंकियों को समर्थन देने वाले देशों से कैसे निपटा जाए?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.