Patrika Opinion: रूस आश्वस्त होगा तभी सुलझेगी यूक्रेन पहेली
Published: Feb 23, 2023 11:40:48 pm
एटमी हथियारों का बड़ा जखीरा रखने वाले रूस को यदि अपनी हार और संभावित नए वर्ल्ड ऑर्डर में दरकिनार होने का खतरा महसूस हुआ तो वह कोई अतिगामी कदम भी उठा सकता है।


Patrika Opinion: रूस आश्वस्त होगा तभी सुलझेगी यूक्रेन पहेली
रूस-यूक्रेन युद्ध का एक साल तक खिंच जाना साबित करता है कि पिछले दो विश्वयुद्धों से हमारी सभ्यता ने वाकई कोई सीख नहीं ली है। एक साल के बाद भी रूस अपने रुख पर अडिग है। वह पश्चिमी देशों को जिम्मेदार बताकर अपने देश की सुरक्षा के लिए इस युद्ध को जायज ठहराने की कोशिश कर रहा है। दूसरी तरफ, यूक्रेनी जनता सेना के साथ कंधा से कंधा मिलाकर अपनी संप्रभुता के लिए रूसी आक्रमण का विरोध कर रही है। उसे अमरीका और पश्चिमी देशों का साथ मिल रहा है। एक तरह से रूस और अमरीका की पुरानी लड़ाई (शीतयुद्ध) में यूक्रेन की धरती लहूलुहान हो रही है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में सैद्धांतिक नैतिकता की आड़ में अमरीका और पश्चिमी देश नई विश्व व्यवस्था बनाने और उसमें रूस को अप्रासंगिक करने की कूटनीति में अपना हित देख रहे हैं।