scriptPatrika Opinion: अमरीका में गन-गोली का शौक बड़ा खतरा | US gun culture will have lasting impact on its society | Patrika News

Patrika Opinion: अमरीका में गन-गोली का शौक बड़ा खतरा

Published: May 26, 2022 10:24:00 pm

Submitted by:

Patrika Desk

अगर समय रहते इस बंदूक संस्कृति पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में यह और ज्यादा खतरनाक साबित होगी। सच कहा जाए, तो यह भी आतंकवाद का ही एक रूप है, जो अमरीका जैसे राष्ट्र की आतंरिक सुरक्षा के लिए खतरनाक है।

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

अमरीका के टेक्सास में एक स्कूल में एक सिरफिरे ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 19 बच्चों समेत 21 लोगों को भून डाला। अमरीका में दिल दहला देने वाली यह कोई पहली घटना नहीं है। वहां पर हर साल अचानक किसी सिरफिरे की गोलीबारी से कोई न कोई बड़ी घटना होती है। जिस तेजी के साथ अमरीका में बंदूक संस्कृति बढ़ी है, उसने न सिर्फ अमरीका, बल्कि भारत समेत दुनियाभर के उन तमाम देशों को भी चिंतित कर दिया है, जिनके नागरिक वहां रह रहे हैं। अमरीका में ऐसी घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके बावजूद हथियार माफियाओं के आगे सरकार खामोश ही रही है। भले ही राष्ट्रपति जो बाइडन ने गन लॉबी पर लगाम कसने का बयान जारी किया है, लेकिन अमरीका की सरकार इस संस्कृति पर काबू पाने में फिलहाल नाकाम ही नजर आती है।
अमरीका दुनिया का शक्तिशाली राष्ट्र माना जाता है, लेकिन बंदूक संस्कृति वहां के लिए आंतरिक खतरा बनती दिख रही है। वहां पर बंदूक और दूसरे हथियार पाना आसान है। उनको खरीदना लोगों के शौक में शुमार होता जा रहा है। अगर समय रहते इस बंदूक संस्कृति पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में यह और ज्यादा खतरनाक साबित होगी। सच कहा जाए, तो यह भी आतंकवाद का ही एक रूप है, जो अमरीका जैसे राष्ट्र की आतंरिक सुरक्षा के लिए खतरनाक है। यह बंदूक संस्कृति दुनिया के अन्य देशों में भी नजर आती है। बड़ा सवाल यही है कि दुनिया भर में फैल रही इस संस्कृति को आखिर रोका कैसे जाए? कैसे लोगों को इस शौक से दूर किया जाए? इस पर सरकारों के साथ आम लोगों को भी गंभीरता से सोचना होगा। अगर हम आज इस मुद्दे पर नहीं सोचेंगे, तो तय है कि आने वाले वक्त में हमारे ज्यादा लोग टेक्सास जैसी घटनाओं को अंजाम देते हुए नजर आएंगे। बंदूक सुरक्षा के लिए है, इसे शौक से जोड़कर देखना बंद करना होगा।
अमरीका के लिए ज्यादा चिंता का विषय इसलिए है कि वहां बड़ी संख्या में अन्य देशों के लोग भी रहते हैं। उन्हें इसी बंदूक संस्कृति के कारण नस्लीय हिंसक घटनाओं का सामना करना पड़ता है। जिस तेजी से वहां गन-गोली का शौक बढ़ा है, वह बाहरी लोगों के लिए बड़ा गंभीर खतरा हो सकता है। बाइडन सरकार को बंदूक संस्कृति के कारण दुनियाभर में बिगड़ रही अमरीका की छवि को सही करने के लिए इस पर लगाम लगानी चाहिए। टेक्सास की घटना गन लॉबी पर अंकुश लगाने का सही समय है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो