ओपिनियन

आपकी बात, गैर भाजपा सरकारों पर संकट क्यों मंडराता रहता है?

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

Jun 23, 2022 / 03:08 pm

Patrika Desk

आपकी बात, गैर भाजपा सरकारों पर संकट क्यों मंडराता रहता है?


जांच एजेंसियों का डर
वर्तमान में केंद्र में भाजपा की सरकार है। अधिकांश राज्यों में भी भाजपा की सरकार हैं। केंद्र में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ही है, जो समय-समय पर सरकार की आलोचना करता रहता है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को हमेशा सीबीआइ, ईडी. आदि संस्थाओं का डर भी दिखाया जाता है। इसीलिए गैर भाजपा की सरकारों पर हमेशा संकट के बादल मंडराते रहते है ।
-महेश सक्सेना, भोपाल
————————-
सत्ता की लड़ाई
राजनीति में नेता अपनी पार्टी के लिए अपना उतरदायित्व नहीं समझ केवल कुर्सी और सत्ता के लिए लड़ते हैं। दूसरी पार्टी उन्हें लालच देकर खरीद लेती है। मध्यप्रदेश में तीन वर्ष पहले गैर भाजपा सरकार इसी वजह से गिर गई थी।
-रजनीगंधा, रायपुर
…………………
भाजपा का अनुचित रवैया
गैर भाजपा सरकारों पर इसलिए संकट के बादल मंडराते रहते हैं कि भाजपा ऐसे राज्यों में अपनी पार्टी की सरकार बनाने का प्रयास करती रहती है। भाजपा साम,दाम, दण्ड और भेद से राज्यों की सत्ता भी हासिल करना चाहती है। वैसे तो भाजपा अपने आप को अनुशासित और नैतिक पार्टी मानती है। लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों को अस्थिर करके सत्ता हासिल करना कहां की नैतिकता है?
-आशुतोष मोदी, सादुलपुर (चूरु)।
…………..
नेताओं के स्वार्थ
ये कथन सही नहीं है कि गैर भाजपा सरकारों पर ही संकट मंडराता रहता है। हम यह भी देखते हैं कि गठबंधन वाली सरकारों में नेताओं के आपसी स्वार्थ टकराने लगते हैं। इससे संकट पैदा हो जाता है।
-एच. आर. श्रीवास्तव, भीलवाड़ा
………….
एक पार्टी का प्रभुत्व
एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर सत्ता हासिल करना यही राजनीति का अब नया चेहरा बन चुका है। आज ऐसा लगता है कि किसी एक पार्टी ने ही प्रभुत्व स्थापित कर लिया है। अन्य पार्टियों को दबाने की कोशिश की जा रही है। किसी भी लोकतांत्रिक देश में ऐसा कभी नहीं हुआ कि सत्ताधारी पार्टी दूसरी पार्टियों को नजरअंदाज कर देश में बेहतर माहौल स्थापित करने में कामयाब हो सकी हो।
मनीष कुमार सिन्हा, रायपुर, छत्तीसगढ़
……………..
केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण
गैर भाजपा सरकारों पर संकट मंडराता रहता है क्योंकि वे एक कमजोर, गठबंधन की सरकारें हंै। भाजपा एक ताकतवर और मजबूत पार्टी है। केंद्र में भाजपा की ही सरकार है। इसका सीधा फायदा भाजपा सरकार वाले राज्यों को मिलता है ।
-खेमू पाराशर, भरतपुर
…………..
डर और प्रलोभन
राजनीति के खेल ने सब जायज कर दिया। जनता द्वारा चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को गिराया जा रहा है। डर और प्रलोभन के जरिया यह खेल खेला जा रहा है। भारतीय लोकतंत्र और राजनीति के लिए यह शुभ संकेत कभी भी नहीं कहा जाएगा।
-मुश्ताक खिलजी, देणोक

Home / Prime / Opinion / आपकी बात, गैर भाजपा सरकारों पर संकट क्यों मंडराता रहता है?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.