scriptCWG 2018: आज उद्घाटन समारोह को तैयार गोल्ड कोस्ट, ये दिलाएंगे भारत को गोल्ड | CWG 2018 OPENING CEREMONY TO BE HELD TODAY | Patrika News

CWG 2018: आज उद्घाटन समारोह को तैयार गोल्ड कोस्ट, ये दिलाएंगे भारत को गोल्ड

Published: Apr 04, 2018 10:03:46 am

Submitted by:

Akashdeep Singh

आज 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन समारोह होना है, भारत के नई पीढ़ी के सितारे बड़े मुकाम को तलाशेंगे वहीं कुछ पुराने धुरंधर अंतिम प्रयास करेंगे।

caracara stadium
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर बसे गोल्ड कोस्ट में आज 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन समारोह होना है। 5 अप्रैल से इन बहुदेशीय खेलों की शुरुवात होनी हैं। भारत हमेशा से इन खेलों में शानदार प्रदर्शन करता आया है। जहां ओलिंपिक खेलों में भारत मेडल जीतने के लिए तरस जाता है वहीं इन खेलो में उसकी भागीदारी बढ़ती है और देश के खेल प्रेमी क्रिकेट के अलावा और भी खिलाडियों से परिचित हो पाते हैं। इन खेलों में जहां भारत के नई पीढ़ी के सितारे बड़े मुकाम को तलाशेंगे वहीं कुछ पुराने धुरंधर अपना अंतिम प्रयास करना चाहेंगे।
टॉप-4 में जगह बनाना चाहेगा भारत
भारत इन खेलों के केवल एक सत्र में 100 मेडल जीत चूका है।ऐसा उसने दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में किया था जहां वह अंक तालिका में दूसरे पायदान पर रहा था।यह भारत का अभी तक का सर्वश्रेस्थ प्रदर्शन था। इन खेलों के, ग्लासगो में हुए पिछले आयोजन में भारत केवल 65 ही मेडल जीत पाया था और अंक तालिका में 16 सालों में पहली बार टॉप-4 से बाहर हो गया था। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा इन खेलों में हमेशा भारत से बेहतर रहें हैं। लेकिन पिछली बार स्कॉटलैंड अपनी मेजबानी में भारत से आगे चौथे स्थान पर रहा था। भारत टॉप-4 में फिर से वापसी करना चाहेगा और इससे जयादा उम्मीद करना बेईमानी होगी। टॉप-4 में आने के लिए भारत को न्यूजीलैंड से कड़ी टक्कर मिल सकती है।
राष्ट्रमंडल खेलों में 500 मेडल जीत सकता है भारत
अगर ऑस्ट्रेलिया बहुत बेहतर प्रदर्शन करे जोकि उससे उम्मीद भी होगी तो भारत कनाडा को कड़ी टक्कर दे सकता है और खेलों का अंत तीसरे पायदान पर कर सकता हैं। ऑस्ट्रेलिया का बेहतर प्रदर्शन कनाडा की मजबूत एथेलेटिक्स टीम के प्रदर्शन पर असर डालेगी। भारत अभी तक 16 राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेते हुए कुल 438 मेडल जीत चूका है, जिसमे पीले तमगों की संख्या 155 हैं। भारत इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में कम से कम 62 पदक जीत कर 500 का आकड़ा छूना चाहेगा।
शूटिंग है भारत की सबसे बड़ी ताकत
भारत ने हाल ही में मेक्सिको में हुए शूटिंग वर्ल्ड कप में सबसे अधिक मेडल जीते थे। वर्ल्ड कप में भारत ने शूटिंग के लगभग सभी इवेंट्स में मेडल जीते थे। भारत हमेशा से शूटिंग में सबसे अधिक मेडल जीतने वाले देशों में रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों में रूस, अमेरिका और चीन के नहीं होने से भारत का इन खेलों में शानदार प्रदर्शन रहा है। भारत के पास इस साल कुछ तजुर्बेकार खिलाड़ी जैसे कि गगन नारंग, जीतू राय और हीना सिद्धू होंगे वहीं कुछ युवा जैसे कि मनु भाकर और मेहुली घोष होंगे। शूटर्स इन खेलों में अपने वर्ल्ड कप के प्रदर्शन को दोहराते हुए अंक तालिका में भारत के लिए सबसे अधिक गोल्ड मेडल जोड़ेंगे।
कुस्ती, वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन से भी है खासी उम्मीद
कुस्ती में भारत की सीधी भिड़ंत कनाडा से होनी है। हलके भार के वर्गों में भारत कनाडा पर हावी रहेगा वहीं अधिक भार में कनाडा का दबदबा रहने की उम्मीद है। इसमें भारत के प्रमुख खिलाड़ी हैं- सुशील कुमार, बबीता कुमारी, साक्षी मालिक। भारत को अपनी वेटलिफ्टिंग टीम से भी खासी उम्मीदे हैं। एस सतीश कुमार और संजीता चानू अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराते हुए गोल्ड मेडल जीतना चाहेंगे।वेटलिफ्टिंग में भारत को नाइजेरिआ से कड़ा मुकाबला मिलेगा। बैडमिंटन भारत में काफी लोकप्रिय खेल है और सभी लोग किदाम्बी श्रीकांत, पीवी सिंधु, और साइना नेहवाल के नाम से परिचित हैं। इन तीनो ही प्लेयर से भारत को मेडल की उम्मीदें होंगी। ऐस बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भारत की उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक होंगी।

हॉकी, स्क्वाश और एथेलेटिक्स में की जा सकती हैं उम्मीदें
मेंस हॉकी में भारत को मनप्रीत सिंह की टीम से मेडल की उम्मीद जायज है।भारत को गोल्ड मेडल के लिए कही न कही ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना होगा जो कि कड़ा मुकाबला होगा। एथेलेटिक्स में भारत राष्ट्रमंडल खेलों में मेडल जीतता रहा है। इस बार एथेलेटिक्स में मेडल जीतने के प्रबल दावेदार हैं- जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और हाई जम्प में तेजस्विन शंकर। स्क्वाश में भारत को अपनी स्टार खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और दीपिका कार्तिक से खासी उम्मीदे होंगी। साथ ही सौरभ घोषाल से उम्मीदें कर सकता है भारत।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो