अन्य खेल

ओडिशा वर्ल्ड लीग फाइनल के लिए पुरुष टीम की घोषणा, सरदार सिंह टीम से बाहर

ओडिशा हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल के लिए टीम में कुछ नए चेहरे शामिल, दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को जगह नहीं।

Nov 17, 2017 / 12:45 pm

Kuldeep

नई दिल्ली। एशिया कप जीतने के बाद अब भारतीय हॉकी टीम भुवनेश्वर में खेले जाने वाले ओडिशा हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में खेलेगी। इस लीग के लिए हॉकी इंडिया (एचआई) ने 18 सदस्यीय पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। एक दिसम्बर से भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए भारत को आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और जर्मनी के साथ पूल-बी में शामिल किया गया है।

अनुभवी खिलाड़ी रुपिंदर पाल का अच्छी बात
25 वर्षीय मनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले पहले मुकाबले से करेगी। टीम के मुख्य कोच शुअर्ड मरेन ने कहा, “टीम में रुपिंदर पाल जैसे अनुभवी खिलाड़ी का होना अच्छी बात है। इसके साथ ही हमारे पास बीरेंद्र लाकड़ा भी हैं। दोनों ही खिलाड़ी 100 प्रतिशत फिट हैं और भारतीय जर्सी को पहन मैदान पर उतरने के लिए आतुर भी।इस टीम में जूनियर विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार और दिपसान तिर्के को शामिल किया गया है। इसके अलावा, अमित रोहिदास को भी टीम में जगह मिली है। उन्हें कोथाजीत सिंह के स्थान पर शामिल किया गया है।

क्या खत्म हो गया सरदार का करियर
इसके साथ ही, दुनिया के महान खिलाड़ियों में शुमार किए जाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह को लेकर भी बड़ा फैसला किया गया है। सरदार को भुवनेश्वर में होने वाले इस हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल के लिए 18 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। इसके साथ अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या इस बेहतरीन मिडफील्डर का करियर खत्म हो गया है? सरदार ने अपना हॉकी करियर फॉरवर्ड खिलाड़ी के रूप में शुरू किया था। लेकिन उसके बाद वो धीरे-धीरे टीम के लिए मिड फील्डर का रोल निभाने लगे। उन्हें यहां प्लेमेकर का रोल दिया गया था जो भारतीय हॉकी दिग्गज धनराज पिल्लै अपने करियर के आखिरी दिनों में निभाते थे। लेकिन एशिया कप में यह जगह कप्तान मनप्रीत को मिली थी। 31 साल के सरदार को एशिया कप के दौरान डिफेंस और मिडफील्ड के बीच फ्री मैन के रोल में खिलाया गया। लेकिन यहां भी उनकी रफ्तार को लेकर सवाल उठते रहे। सवाल यही है कि क्या बढ़ती उम्र के साथ सरदार वर्ल्ड कप के लिए वापसी कर पाएंगे? क्या टूर्नामेंट के बाद उनके रोल पर चर्चा की जाएगी? बहुत सारे ऐसे सवालों के साथ ये वर्ल्ड लीग खेला जाएगा।

भारतीय टीम :

गोलकीपर : आकाश अनिल चिकते, सूरज कारकेरा

डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, दिपसान तिर्के, वरुण कुमार, रपिंदर पाल सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा

मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंग्लेसाना सिंह (उप-कप्तान), एसके उथप्पा, सुमित, कोथाजीत सिंह

फारवर्ड : एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह

Home / Sports / Other Sports / ओडिशा वर्ल्ड लीग फाइनल के लिए पुरुष टीम की घोषणा, सरदार सिंह टीम से बाहर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.