scriptFIH Series: जापान को हरा भारत पहुंचा फाइनल में, ओलंपिक क्वालीफायर में भी स्थान किया पक्का | India Defeat Japan by 7-2 in FIH Series Semifinal | Patrika News

FIH Series: जापान को हरा भारत पहुंचा फाइनल में, ओलंपिक क्वालीफायर में भी स्थान किया पक्का

Published: Jun 15, 2019 08:00:46 am

Submitted by:

Kapil Tiwari

भारत ने सेमीफाइनल में जापान को 7-2 से हराया
फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से होगा मुकाबला
ओलंपिक के क्वालीफायर में भी स्थान किया पक्का

Indian Hockey Team

भुवनेश्वर। भारतीय हॉकी टीम ने शुक्रवार को खेले गए एफआईएच हॉकी सीरीज के सेमीफाइनल मुकाबले में जापान को 7-2 से मात दे दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एक नहीं बल्कि दो जीत का जश्न मनाया। दरअसल, जापान को हराकर टीम इंडिया एक तो FIH सीरीज के फाइनल में पहुंच गई। साथ ही भारत ने इस साल के आखिर में होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर में अपनी जगह भी पक्की कर ली।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा फाइनल मुकाबला

भारतीय टीम का अब सीरीज के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा। ये मैच शनिवार को खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में अमरीका को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं सीरीज में तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ का मुकाबला जापान और अमरीका के बीच खेला जाएगा।

भारत के इन खिलाड़ियों ने दागे गोल

भारत और जापान के बीच खेले गए मैच में चोट के कारण लंबे समय से हॉकी नहीं खेल रहे रमनदीप सिंह ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने 23वें और 37वें मिनट में गोल दागा। भारत की तरफ से रमनदीप के अलावा हरमनप्रीत सिंह, वरूण कुमार, हार्दिक सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने एक-एक गोल किए। वहीं जापान की तरफ से केंजी किताजातो (दूसरा) और कातो वातानाबे (20वां) ने गोल दागे।

मैच का लेखा-जोखा

– टूर्नामेंट में पहली बार दुनिया की 18वें नंबर की टीम जापान ने भारतीय डिफेंस को आजमाया। जापान ने दूसरे ही मिनट में जवाबी हमले पर बढत बना ली। किताजातो ने भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को छकाकर गोल दागा। इसके बाद भारतीयों ने जवाबी हमले में कई मौके बनाये। युवा गुरसाहिबजीत सिंह ने पांचवें मिनट में सुनहरा मौका गंवाया जब नीलकांता शर्मा और रमनदीप ने उन्हें पास दिया था।

– दो मिनट बाद भारत को दो पेनल्टी कार्नर मिले और हरमनप्रीत ने दूसरे पर बराबरी का गोल दागा। भारत को 14वें मिनट में लगातार तीन शार्ट कार्नर मिला। इस बार वरूण ने गोल करके भारत को बढत दिलाई। जापान ने हालांकि जवाबी हमले में 20वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। इसके तीन मिनट बाद रमनदीप ने भारत को फिर बढत दिलाई। हार्दिक ने जल्दी ही स्कोर 4-2 कर दिया। इसके बाद गुरसाहिबजीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने गोल करके भारत को विशाल जीत दिलाई।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो