scriptयौन उत्पीड़न मामले में हॉकी कप्तान सरदार सिंह की मुश्किलें बढ़ीं | Indian Hockey player Sardar Singh caught in troubles on molestation case | Patrika News

यौन उत्पीड़न मामले में हॉकी कप्तान सरदार सिंह की मुश्किलें बढ़ीं

Published: Jun 16, 2016 02:26:00 pm

चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में जोरदार प्रदर्शन कर रही भारतीय हॉकी की रियो ओलंपिक से जुड़ी आशाओं को जोरदार धक्का लगा है

sardar singh

sardar singh

नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में जोरदार प्रदर्शन कर रही भारतीय हॉकी की रियो ओलंपिक से जुड़ी आशाओं को जोरदार धक्का लगा है। ओलंपिक शुरू होने में जब चंद ही सप्ताह शेष रह गए हैं तो भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह के खिलाफ ब्रिटिश नागरिकता वाली भारतीय मूल की लडक़ी से शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला फिर उनके गले पड़ गया है। ब्रिटेन की पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी की शिकायत पर दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने सरदार सिंह को यौन उत्पीड़ऩ के मामले में नोटिस भेजा है।

आयोग ने उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराए जाने से पहले सरदार से 7 दिन के अंदर नोटिस का जवाब मांगा है। ब्रिटिश युवती ने दिल्ली के चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में भी सरदार सिंह के खिलाफ रेप और जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है।

सरदार सिंह ओलंपिक से पहले आराम करने के इरादे से चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के साथ नहीं गए हैं और उनके स्थान पर पीआर श्रीजेश कप्तानी कर रहे हैं। बता दें कि भारतीय मूल की यह लडक़ी जनवरी 2016 में भी सरदार सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस को शिकायत देकर एफआइआर दर्ज कराने की मांग कर चुकी है। 21 साल की इस लडक़ी ने महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल की उपस्थिति में की प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सरदार सिंह ने उसके साथ दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में अक्टूबर 2014 में रेप किया और उसके विरोध करने पर ऊपर से फेंककर मारने की कोशिश की।

युवती की तरफ से मिली शिकायत पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने युवती की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के लिए पंजाब पुलिस के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उधर, इस मामले में सरदार सिंह का कहना है कि मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहता। मेरे लिए यह साल बहुत अहम है और मैं इस समय रियो ओलंपिक की तैयारियों में जुटा हुआ हूं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो