अन्य खेल

हॉकी : यूरोपीय दौरे पर भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, स्पेन को 6-1 से दी करारी मात

भारतीय टीम की जीत में हरमनप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने दो गोल किए।

Sep 28, 2019 / 10:43 pm

Mazkoor

एंटवर्प : यूरोपीय दौरे पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम लगातार प्रदर्शन कर रही है। उसने पहले विश्व नंबर दो टीम बेल्जियम को 2-0 से मात दी और आज शनिवार को एकतरफा मुकाबले में स्पेन को 6-1 के करारी शिकस्त दी। इस समय भारतीय टीम यूरोपियन दौरे पर है। इस दौरान उसे बेल्जियम के साथ तीन और स्पेन के साथ दो मैच खेलना है। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने दो, जबकि मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, नीलकांत शर्मा और रूपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किया।

पहले हाफ में ही बनाया दबदबा

भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही दबदबा बना लिया। पहले क्वार्टर दोनों टीमें संभलकर खेली और मैच गोलरहित बराबरी पर रहा। पहले हाफ के दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रमण किया और उसका फायदा उसे मिला। मनप्रीत ने 24वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके चार मिनट बाद 28वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत ने गोल कर भारत का स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि पहले हाफ का मैच खत्म होने से ठीक पहले स्पेन ने एक गोल कर बढ़त कम कर 2-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में स्पेन को पूरी तरह दबोच लिया

भारत ने हालांकि इसके बाद कोई गोल नहीं खाया और दूसरे हाफ में प्रतिद्वंद्वी टीम पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर अभी शुरू ही हुआ था कि हरमनप्रीत ने 32वें मिनट में भारत की ओर से तीसरा गोल कर स्पेन को दबाव में ला दिया और तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले नीलकांत ने भारत के लिए चौथा गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। 4-1 की बढ़त बनाने के बाद भी भारतीय टीम रक्षण पर नहीं उतरी और चौथे तथा अंतिम क्वार्टर में भी गोल करने के मौके बनाए। 56वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इसे मनदीप ने गोल में तब्दील कर भारत के खाते में पांचवां गोल किया। आखिरी मिनटों में रूपिंदर पाल सिंह ने भारत के लिए छठा गोल किया।

Home / Sports / Other Sports / हॉकी : यूरोपीय दौरे पर भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, स्पेन को 6-1 से दी करारी मात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.