अन्य खेल

पूर्व नंबर एक बैडमिंटन स्टार वेई पर प्रतिबंध लगते ही समाप्त 

बीडब्ल्यूएफ ने प्रतिबंध तो लगाया, लेकिन आठ माह पुरानी तारीख होने के कारण प्रतिबंध स्वत: ही समाप्त हो गया

Apr 28, 2015 / 09:18 am

शक्ति सिंह

lee chong wei

कुआलालम्पुर। मलेशिया के ली चोंग वेई पर विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने सोमवार को आठ महीने का प्रतिबंध लगाया, लेकिन उनकी खुशकिस्मती रही कि यह प्रतिबंध आठ महीने पुरानी पिछली तारीख से लागू था जो स्वत: ही समाप्त हो गया। अब मलेशियाई खिलाड़ी कोर्ट पर उतरने के लिए स्वतंत्र हो गए हैं।

गत वर्ष विश्व चैम्पियनशिप में ली को डेक्सामेथासोन के सेवन का दोषी पाया गया था जो प्रतिबंधित दवाओं की सूची में शामिल था। बीडब्ल्यूएफ ने प्रतिबंध तो लगाया, लेकिन आठ माह पुरानी तारीख होने के कारण प्रतिबंध स्वत: ही समाप्त हो गया।

नहीं दिया धोखा
अंतरराष्ट्रीय संस्था ने एक बयान में कहा, ली को दवाओं के बारे में जानकारी नहीं थी। लेकिन उन्हें पिछली तिथि से प्रतिबंध देना एक सही और पारदर्शी निर्णय है। हमारा जांच दल इस बात से सहमत है कि यह मामला डोपिंग का नहीं है और न ही वेई ने धोखा देने के इरादे से ऎसा किया था। बीडब्ल्यूएफ ने बताया कि ली जो फूड सप्लीमेंट ले रहे थे उनमें प्रतिबंधित दवाओं के होने की पुष्टि हुई थी। ये दवाएं खेलों में उपयोग के लिए प्रतिबंधित हैं।

जीत चुके हैं 55 खिताब
दुनिया के बेहतरीन शटलरों में से एक चोंग वेई अब तक 55 खिताब जीत चुके हैं। पूर्व नम्बर एक खिलाड़ी विश्व रैंकिंग में 30वें स्थान पर खिसक गए हैं। प्रतिबंध समाप्त होने के साथ ही उन्हें इंचियोन एशियाड में मिले दो कांस्य पदकों को भी अपने पास रखने की अनुमति मिल गई है। ली 10 से 17 मई तक होने वाले सुदीरमन कप में भी हिस्सा लेने के लिए योग्य हैं। 

Home / Sports / Other Sports / पूर्व नंबर एक बैडमिंटन स्टार वेई पर प्रतिबंध लगते ही समाप्त 

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.