scriptCWG 2018: कभी दूध के लिए नहीं थे पैसे, आज चानू ने गोल्ड जीत भारत को 71 देशों के बीच बनाया टॉप | Patrika News

CWG 2018: कभी दूध के लिए नहीं थे पैसे, आज चानू ने गोल्ड जीत भारत को 71 देशों के बीच बनाया टॉप

locationनई दिल्लीPublished: Apr 05, 2018 12:03:56 pm

Submitted by:

Akashdeep Singh

ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मीराबाई चानू ने भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता।

meerabai chanu

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मीराबाई चानू ने भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता।उन्होंने वेटलिफ्टिंग इवेंट में नया कामनवेल्थ रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है और साथ ही उन्होंने अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड को भी पार कर दिया है।चानू ने स्नैच में 86 किलोग्राम का भार उठाकर, अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पर 8 किलोग्राम की लीड ले ली थी । फिर उन्होंने क्लीन और जर्क में 110 किलोग्राम भर उठाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। चानू ने कुल 196 किलोग्राम वजन उठाते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है।इस के साथ भारत मेडल टैली में सबसे ऊपर पहुंच गया है।

 

पैसों की कमी से कभी डाइट चार्ट भी फॉलो नहीं कर पाती थी चानू
मीरा बार्इ चानू ने जब वेटलिफ्टिंग की ट्रेनिंग शुरू की थी तब उनके घर की आर्थिक स्थित ठीक नहीं थी। इसी वजह वे उस डाइट चार्ट को भी फाॅलों नहीं कर पाती थी जो उनके कोच ने उन्हें दिया था। दरअसल, उन्हें जो डाइट चार्ट मिला था उसमें उन्हें हर रोज चिकन आैर दूध लेना जरूरी था लेकिन आर्थिक स्थित ठीक न होने के कारण वे उसे फाॅलों नहीं कर पाती थी। जिसके कारण काफी समय तक उन्हें अपर्याप्त पोषण के बावजूद वेटलिफ्टिंग करना पड़ा, जिसका बुरा असर उनके खेल पर भी पड़ा।


वेटलिफ्टिंग में एक और मेडल जीत चूका है भारत
गुरुराज पुजारी ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला पदक दिला दिया है। उन्होंने भारोत्तोलन में 56 किलोग्राम भारवर्ग में गुरुवार को रजत पदक पर कब्जा जमाया। गुरुराज ने स्नैच में 111 का स्कोर किया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 138 का स्कोर किया। उन्होंने कुल 249 का स्कोर करते हुए पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण मलेशिया के मुहामेद इजहार अहमद हाजालवा के नाम रहा। उन्होंने कुल 261 का स्कोर किया। उन्होंने स्नैच में 117 का स्कोर किया जो एक नया गेम रिकार्ड है। इस मामले में उन्होंने नई दिल्ली में 2010 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में अपने हमवतन इब्राहिम द्वारा स्थापित किए रिकार्ड को ध्वस्त किया।


भारतीय बैडमिंटन टीम भी जीती
भारतीय बैडमिंटन टीम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। भारत ने गुरुवार को कैरारा स्पोटर्स एरेना-2 में मिश्रित टीम स्पर्धा के ग्रुप-ए में श्रीलंका को 5-0 से मात दी। भारत को गुरुवार को ही पाकिस्तान के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलना है। किदाम्बी श्रीकांत और सेना नेहवाल ने अपने-अपने मैच जीते।

 

तैराकी में भी आई अच्छी खबर
भारतीय तैराक श्रीहरी नटराज 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। ओपटस एक्वेटिक सेंटर में आयोजित इस स्पर्धा में नटराज को हीट-1 में आठ खिलाड़ियों में पांचवां स्थान मिला। उन्होंने 56.72 सेकेंड का समय निकाला। भारत के वीरधवल खडे ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है जबकि उनके हमवतन सजन प्रकाश बाहर हो गए हैं।

 

भारतीय महिला हॉकी टीम हारी
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत बेहद निराशाजनक तरीके से की है। भारत को अपने पहले मैच में वेल्स के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। वेल्स ने गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए मैच में भारत को 3-2 से ऐतिहासिक शिकस्त दी। यह वेल्स की भारत पर हॉकी इतिहास में पहली जीत है। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने खेलों का आगाज जीत के साथ किया है। भारतीय महिला टीम ने अपने पहले मैच में गुरुवार को श्रीलंका को 3-0 से मात दी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो