script

राष्ट्रीय खेल दिवस आज, राष्ट्रपति भवन में सम्मानित होंगे ये खिलाड़ी

locationनई दिल्लीPublished: Aug 29, 2017 09:10:00 am

मेजर ध्यानचंद की जंयती के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में आज राष्ट्रपति कई खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

khel ratna

नई दिल्ली। आज राष्ट्रीय खेल दिवस है। मेजर ध्यानचंद की जंयती के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में आज राष्ट्रपति कई खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। आपको बता दें कि भारत के महान हॉकी खिलाड़ी ‘मेजर ध्यानचंद सिंह’ का जन्म आज ही के दिन 1905 में इलाहाबाद में हुआ था। अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन पर ध्यानचंद ने न केवल भारत को ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलवाया बल्कि हॉकी को एक नई ऊंचाई तक भी ले कर गए। हॉकी में मेजर ध्यानचंद के योगदान को देखते हुए सरकार ने 1956 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि उनके जन्मदिन को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में आयोजित किया जाए। इस मौके पर प्रत्येक साल भारत के राष्ट्रपति विभिन्न खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को पुरस्कार देते हैं।

आज कोविंद के हाथों से सम्मानित होंगे ये खिलाड़ी
देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न इस साल दो खिलाड़ियों को दिया जाएगा। इस साल भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह और पैरा एथलीट देवेंद्र झाझरिया को खेल रत्न दिया जाएगा। इसके साथ-साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य अवार्ड, और ध्यानचंद्र अवार्ड से सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देंगे। 

arjun award

इस साल 17 खिलाड़ियों को दिया जाएगा अर्जुन अवार्ड
इस साल अर्जुन अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों में चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर के साथ 17 अन्य खिलाड़ी है। अर्जुन अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है- चेतेश्वर पुजारा(क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर(क्रिकेट), वरूण सिंह भाटी(पैरा एथलीट), प्रशांती सिंह(बास्केटबॉल), एसएसपी चौरसिया(गोल्फ), ओनम बेमबेम देवी(महिला फुटबाल), साकेत मिनैनी(टेनिस), मरियपन्न थंगावेलू (पैरा एथलीट), वीजे सुरेखा(तीरंदाजी), खुशबीर कौर(एथलेटिक्स), आरोकिया राजीव(एथलेटिक्स), एस वी सुनील(हॉकी), सत्यव्रत कादियान(कुश्ती), एंथोनी अमलराज(टेबल टेनिस), पीएन प्रकाश(निशानेबाजी), जसवीर सिंह(कबड्डी), देवेंद्रो सिंह(मुक्केबाजी)।

द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित होंगे ये कोच
कोचिंग के क्षेत्र में मिलने वाले द्रोणाचार्य राष्ट्रीय अवार्ड से इस साल दो कोच सम्मानित किए होगे। एथलेटिक्स के क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले डा. रामक़ष्णन गांधी को मरणोपरांत यह अवार्ड मिलेगा। जबकि कबड्डी के क्षेत्र से हीरानंद कटारिया को द्रोणाचार्य अवार्ड मिलेगा।

लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवार्ड पाएंगे पांच लोग
लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवार्ड की श्रेणी में पांच लोगों को कोविंद के हाथों सम्मान पाने का अवसर मिलेगा। बैडमिंटन से जीएसएसवी प्रसाद, मुक्केबाजी से बृजभूषण मोहंती, हॉकी से पी ए रफेल, निशानेबाजी से संजय चक्रवर्ती और कुश्ती के क्षेत्र से रौशन लाल को यह सम्मान मिलेगा।

ध्यानचंद अवार्ड की श्रेणी से तीन लोग
ध्यानचंद अवार्ड की श्रेणी से तीन लोगों को इस साल सम्मानित किया जाएगा। जिसमें एथलेटिक्स से भूपेंद्र सिंह, फुटबाल से सैयद शाहिद हकीम और हॉकी के क्षेत्र से सुमरई टेटे इस सम्मान को हासिल करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो