अन्य खेल

CWG 2018 : सीमा पूनिया ने लगातार चौथी बार मेडल पर जमाया कब्जा, 31 हुई भारत के पदकों की संख्या

राष्ट्रमंडल खेल में भारत की सीमा पूनिया ने गुरुवार को पदक पर कबजा जमाया। इस जीत के साथ ही भारत के पदकों की संख्या 31 हो गई है।

नई दिल्लीApr 12, 2018 / 10:05 pm

Prabhanshu Ranjan

नई दिल्ली। भारत की अनुभवी गोला फेंक एथलीट सीमा पुनिया और नवजीत ढिल्लन ने गोल्ड कोस्ट में जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में गुरुवार को रजत और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। राष्ट्रमंडल खेलों में सीमा लगातार चौथी बार पदक जीतने में कामयाब रही हैं। उन्होंने 2006 एवं 2014 में रजत पदक और दिल्ली में हुए 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था। गुरुवार की स्पर्धा समाप्त होने पर भारत कुल 31 पदकों के साथ पदक तालिका में तीसरे नंबर पर हैं। भारत की झोली में कुल 14 स्वर्ण, सात रजत और 20 कांस्य पदक है।

सीमा पूनिया के मुकाबले का हाल-
सीमा ने शानदार शुरुआत की और पहले ही प्रयास में 60.41 मीटर की दूरी तय की। हालांकि इसके बाद, उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। सीमा ने दूसरे प्रयास में 59.97 मीटर की दूरी तय की। उनका तीसरा प्रयास असफल रहा लेकिन चौथे प्रयास में उन्होंने 58.54 मीटर तक गोला फेंका। सीमा के प्रदर्शन में उथल-पुथल जारी रही और उनका पांचवां प्रयास भी असफल रहा लेकिन उन्होंने अंतिम प्रयास में 58.90 मीटर की दूरी तय करके रजत पदक सुनिश्चित कर लिया।

निराशाजनक शुरुआत के बाद नवजीत जीती पदक-
दूसरी तरफ, भारत की नवजीत ढिल्लन की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने पहले प्रयास में केवल 55.61 मीटर की दूरी तय की और दूसरे एवं तीसरे प्रयास में वह असफल रही। चौथे प्रयास में सुधार करते हुए नवजीत ने 56.22 मीटर तक गोला फेंका जबकि पांचवें प्रयास में वह केवल 54.09 मीटर की ही दूरी तय कर पाई। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि न्यूजीलैंड की सोसितीना हाकेई कांस्य पदक पर कब्जा करेंगी लेकिन अंतिम प्रयास में वह सिर्फ 56.96 मीटर की दूरी तय कर पाई जबकि नवजीत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57.43 मीटर की दूरी तय करके कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

आस्ट्रेलिया की डानी ने तोड़ा 20 साल पुराना रिकॉर्ड –
आस्ट्रेलिया की डानी स्टीवंस ने 68.26 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों का 20 साल पुराना गेम रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। न्यूजीलैंड की बेट्रिस रोइनी लियुआ ने 20 सितम्बर, 1998 में कुआलालम्पुर में 65.92 मीटर तक गोला फेंक राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे स्टीवंस ने तोड़ दिया।

एथलेटिक्स में अन्य भारतीयों का प्रदर्शन –
भारत के अर्पिन्दर सिंह और ए.वी. राकेश बाबू ने भी पुरुषों की तिहरी कूद स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। अर्पिदर ने क्वालीफिकेशन में ग्रुप-बी में पहले स्थान के साथ फाइनल में जगह बनाई। पंजाब के इस खिलाड़ी ने 16.39 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। उनके बाद नामीबिया के रोजर हईटेंगी रहे जिन्होंने 16.36 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। वहीं बाबू ने ग्रुप-ए में पांचवें स्थान के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने 15.98 मीटर की दूरी मापी।

Home / Sports / Other Sports / CWG 2018 : सीमा पूनिया ने लगातार चौथी बार मेडल पर जमाया कब्जा, 31 हुई भारत के पदकों की संख्या

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.