scriptनिशानेबाजी विश्‍व कप : भारतीयों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच आयोजकों को झटका, इन्‍हें लौटाएंगे रकम | shooting world cup roundup organisers return money to 25m rapid fire | Patrika News

निशानेबाजी विश्‍व कप : भारतीयों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच आयोजकों को झटका, इन्‍हें लौटाएंगे रकम

locationनई दिल्लीPublished: Feb 26, 2019 10:28:47 pm

अनीश, मनु, हीना का निराशाजनक प्रदर्शन
आज भारत के हाथ नहीं लगा एक भी मेडल
आयोजक 25 मीटर रैपिड फायर पिस्‍टल स्‍पर्धा के विजेताओं को लौटाएंगे पैसा

issf shooting

निशानेबाजी विश्‍व कप : भारतीयों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच आयोजकों को झटका, इन्‍हें लौटाएंगे रकम

नई दिल्ली : देश की राजधानी में कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में जारी आईएसएसएफ विश्व कप में आज का दिन भारतीय निशानेबाजों के लिए निराशाजनक रहा तो आयोजकों को भी बड़ा झटका लगा। वह पुरुषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का पैसा वापस करेगी।

25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अनीश पदक से चूके
राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारत के अनीश भानवाल कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में जारी आईएसएसएफ विश्व कप में मंगलवार को पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में पांचवें स्थान पर रहकर पदक से चूक गए। स्पर्धा का स्वर्ण पदक जर्मनी के क्रिस्टियन रिट्ज को मिला तो चीन के जुनमिन लिन को रजत पदक मिला। कोरिया के जुनहोंग किम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। अनीश फाइनल में कुल 14 का ही स्कोर कर पाए। हालांकि क्वालिफिकेशन राउंड में राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड के साथ 588 का स्कोर किया था। अनीश के अलावा आदर्श सिंह और अर्पित गोयल भी इस स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, लेकिन यह दोनों फाइनल में भी नहीं पहुंच पाए।
क्रिस्टियन ने फाइनल में 35 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जुनमिन ने 31 का स्कोर करते हुए रजत पदक अपने नाम किया तो वहीं जुनहोंग ने 22 का स्कोर करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

मनु भाकेर और हीना सिद्धू फाइनल राउंड में भी नहीं पहुंची
महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में तो भारत की दो-दो स्टार महिला निशानेबाज मनु भाकेर और हीना सिद्धू हिस्‍सा ले रही थीं, लेकिन वे दोनों फाइनल में भी जाने से चूक गईं। मनु ने रिले-1 में 573 अंकों के साथ 10वां स्थान हासिल किया, जबकि सिद्धू 571 अंकों के साथ 14वें स्थान पर रहीं।
इस स्पर्धा का स्वर्ण हंगरी की वेरोनिका के नाम गया। चीन ताइपे की वु चाइ यिंग को रजत पदक मिला तो दक्षिण कोरिया की किम बोमी के हाथ कांस्य पदक लगा। वेरोनिका ने फाइनल में 245.1 का स्कोर किया तो वहीं वु ने 238.4 का स्कोर किया। किम ने 218.3 अंक हासिल किया।
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में भारत की एन. गायत्री 1.163 का स्कोर कर 36वें स्थान पर रहीं तो वहीं पदार्पण कर रही सुनिधि चौहान 1.156 का स्कोर कर 49वें स्थान पर रहीं।

पदक तालिका में हंगरी सबसे ऊपर
चीन आईएसएसएफ के साल के इस पहले विश्व कप में 14 में से पांच टोक्यो ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुका है। वहीं पदक तालिका में हंगरी तीन स्वर्ण पदकों के साथ सबसे आगे है।

आयोजक पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पदकधारियों को लौटाएंगे पैसा
भारतीय निशानेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच भारत के लिए एक और बुरी खबर आई है। विश्‍व कप आयोजन समिति ने यह फैसला लिया है कि वह पुरुषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का पैसा वापस करेगी। इस स्पर्धा से दो ओलम्पिक कोटा दिए जाने थे, लेकिन पुलवामा हमले के बाद इस स्‍पर्घा में पाकिस्‍तान के निशानेबाजों को वीजा नहीं दिए जाने के बाद अंतरराष्‍ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले इस स्‍पर्धा का ओलंपिक कोटा वापस लेने का फैसला ले लिया था। आयोजन समिति के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने एक बयान में कहा कि आइओसी के पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा से ओलम्पिक कोटा हटाए जाने के बाद आइएसएसएफ विश्‍व कप नई दिल्ली-2019 की आयोजन समिति ने फैसला लिया है कि वह इस स्‍पर्धा के पदक विजेताओं का 100 फीसदी खर्च का वहन करेगी और इसमें उनका जो भी खर्च हुआ है उसे लौटाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो