भामाशाहों ने करोड़ों दान देकर बदल दी कई सरकारी स्कूलों की सूरत
पालीPublished: Oct 13, 2022 10:38:44 am
राजस्थान में 350 से अधिक दानदाताओं और प्रेरकों के सहयोग से अनेक सरकारी स्कूलों की दशा में सुधार हुआ है। भामाशाहों का आभार प्रकट करने के लिए राज्य सरकार ने उन्हें सम्मानित किया है। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हुए। जयपुर में शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला ने राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में भामाशाहों को सम्मानित किया।


पाली/सिरोही. शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्तर पर भामाशाह एवं प्रेरक सम्मान समारोह का आयोजन सिरोही जिला मुख्यालय पर हुआ। इसमें विद्यालयों के लिए भामाशाहों की ओर से किए गए सहयोग के लिए शिक्षा विभाग ने भामाशाहों एवं उनके प्रेरकों का सम्मान किया गया। सिरोही जिले से 4 भामाशाहों 15 लाख से 1 करोड़ तक की राशि का सहयोग किया है, उनका राज्य स्तर पर शिक्षा भूषण सम्मान हुआ। जिन भामाशाहों ने 1 लाख से 15 लाख तक की राशि का सहयोग किया, ऐसे 14 भामाशाहों को शिक्षा श्री सम्मान एवं 9 प्रेरकों का सम्मान जिला स्तर पर किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि विधायक संयम लोढ़ा रहे। वहीं जयपुर में शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति व विकास कार्यों के लिए उल्लेखनीय दान कार्य करने वाले दानदाताओं एवं प्रेरकों को शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला ने राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। 26वां भामाशाह सम्मान समारोह मानसरोवर में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा मंत्री ने 350 से अधिक दानदाताओं तथा प्रेरकों को प्रशस्ति पत्र दे कर सम्मानित किया गया। इनमें करीब 246 दानदाता एवं करीब 108 प्रेरक सम्मिलित रहे। सम्मान समारोह में गत 3 वर्षों में शिक्षा के विकास में योगदान देने वाले दानदाताओं को शामिल किया गया। समारोह में इन तीन वर्षों में किसी एक वर्ष में एक करोड़ रुपए या अधिक का दान देने वालों को शिक्षा विभूषण के रूप में सम्मानित किया गया। अन्य को शिक्षा भूषण के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने भामाशाहों एवं प्रेरकों के लिए मुख्यमंत्री का बधाई संदेश पढ़ कर सुनाया जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षित समाज से ही चहुंमुखी विकास संभव होने की बात कही गई। उच्च शिक्षा विभाग राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा पवन कुमार गोयल ने शिक्षा के क्षेत्र में भामाशाहों के योगदान की महत्ता को बताया। आयुक्त डॉ. एम.एल. यादव ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। प्रारं भिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से समस्त उपस्थित गणमान्यों को पधारने व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।