scriptDirty and smelly water supply | BigIssue: बांध लबालब फिर भी ऐसे हालात में रहने को मजबूर इस शहर के लोग | Patrika News

BigIssue: बांध लबालब फिर भी ऐसे हालात में रहने को मजबूर इस शहर के लोग

locationपालीPublished: Aug 03, 2023 11:08:40 am

Submitted by:

Rajeev Dave

शहर के कई क्षेत्रों में नहीं हो रही जलापूर्ति, सिंधी कॉलोनी में लगाया जाम
छलके बांध, जवाई 56 पार... फिर भी कहीं कंठ प्यासे तो कहीं बदबूदार पानी

BigIssue: बांध लबालब फिर भी ऐसे हालात में रहने को मजबूर इस शहर के लोग
सिंधी कॉलोनी में लगाया गया जाम

बिपरजॉय तूफान व मानसून की बरसात से जिले के 31 बांध छलके। जवाई बांध का गेज भी 56 फीट पार कर गया। यहां तक कि पाली का लाखोटिया तालाब भी ओवरफ्लो है, लेकिन शहरवासी प्यासे है। शहरवासियों को 24 घंटे जलापूर्ति की पाइप लाइन से सप्लाई तो दी जा रही है, लेकिन अंतराल का कोई लेखा-जोखा नहीं है। किसी क्षेत्र में चार से पांच दिन में तो किसी में 20-25 दिन के अंतराल से भी पानी आपूर्ति नहीं हो रही।
शहर के सिंधी कॉलोनी से नाडी मोहल्ला की तरफ जाने वाले मार्ग पर पिछले करीब 20-25 दिन से जलापूर्ति नहीं हुई है। इससे महिलाओं व क्षेत्रवासियों का सब्र बुधवार को टूट गया और वे सिंधी कॉलोनी चौराहे पर एकत्रित हुए। वहां पर बेरीकेडिंग आदि लगाकर जाम लगा दिया। जलदाय विभाग के खिलाफ नारे लगाए। करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद पुलिसकर्मी व जलदाय विभाग के कार्मिक मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर मार्ग खुलवाया। वहीं जलदाय विभाग के कार्मिकों ने सही अंतराल पर पानी देने की बात की। इस पर महिलाओं ने खरी-खरी सुनाई।
... तो नाराज हुई महिलाएं
वहां आए जलदाय विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं से कहा कि पानी की आपूर्ति अब नई पाइप लाइन से की जा रही है। वह आपूर्ति सुबह पांच बजे की जाती है। आपने ध्यान नहीं दिया होगा। इस पर महिलाएं नाराज हो गई और बोली हमें यहां दो घंटे खड़े रहकर आनन्द नहीं मिला है। घरों में बूंद पानी नहीं है। टांकों में नल खुला था, फिर भी नहीं भरे और आप कह रहे हैं पानी आपूर्ति की गई।
शहर के अधिकांश क्षेत्रों में गंदा पानी
शहर के अधिकांश क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोग बीमार हो रहे हैं। बांगड़ मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में ही रोजाना 200 से अधिक मरीज उल्टी-दस्त व पेट दर्द आदि के आ रहे है। शहर के जनता कॉलोनी, राजेन्द्र नगर, रामदेव रोड, नाडी मोहल्ला, नया गांव, हाउसिंग बोर्ड, रामनगर, सिंधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, केशव नगर क्षेत्र, नया गांव, रजत विहार, सुंदर नगर क्षेत्र के साथ अन्य कई इलाकों में गंदा पानी आ रहा है।

Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.