scriptपर्याप्त जलराशि फिर भी पांच माह तक मिलेगा एकांतरे पानी | Enough hydrography still will not get daily water | Patrika News

पर्याप्त जलराशि फिर भी पांच माह तक मिलेगा एकांतरे पानी

locationपालीPublished: Oct 15, 2019 12:45:06 am

Submitted by:

vivek

औसत से अधिक बारिश व जवाईबांध में पर्याप्त जलराशि होने के बावजूद शहरवासियों के लिए नियमित जलापूर्ति अभी तक सपना ही रहेगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो अगले पांच माह तक शहरवासियों को एकांतरे ही जलापूर्ति की जाएगी।

पर्याप्त जलराशि फिर भी पांच माह तक मिलेगा एकांतरे पानी

पर्याप्त जलराशि फिर भी पांच माह तक मिलेगा एकांतरे पानी

सुमेरपुर (निसं). औसत से अधिक बारिश व जवाईबांध में पर्याप्त जलराशि होने के बावजूद शहरवासियों के लिए नियमित जलापूर्ति अभी तक सपना ही रहेगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो अगले पांच माह तक शहरवासियों को एकांतरे ही जलापूर्ति की जाएगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को अपने दैनिक जीवन में जल को गर्मी के दिनों में हुई परेशानी की तरह ही सहेजकर रखना होगा।
सुमेरपुर शहर की तेज गति से बढती आबादी को देखते हुए पूर्व सरकार ने सुमेरपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिए शहर के चार स्थानों पर उच्च जलाशय व दो स्थानों पर भूतल जलाशय निर्माण के लिए १२.६५ करोड़ की वित्तीय प्रशासनिक स्वीकृति जारी की थी। दिसम्बर २०१७ से दिसम्बर २०१९ तक कार्य पूर्ण करने की अवधि निर्धारित की गई थी। स्वीकृति के बाद कब्रिस्तान क्षेत्र में ३५० किलोलीटर, ब्रह्मपुरी में २५० किलोलीटर, ट्रंासपोर्ट नगर में ३०० किलोलीटर व मण्डी बोर्ड कैम्पस में ३५० किलोलीटर क्षमता की टंकी बनाना निश्चित किया गया। निर्धारित अवधि के दौरान चारों उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका हैं। जबकि भूतल जलाशय का निर्माण कार्य किसी कारणवश शुरु नहीं हो सका। नवनिर्मित टंकियों में इंटर कनेक्शन का कार्य चल रहा है। मुख्य पाइप लाइन का भी दो तिहाई कार्य पूर्ण हो चुका है। नवीन पेयजल टंकियों से पेयजल आपूर्ति का कार्य शुरू होगा।
जल शोधन यंत्र की कार्यक्षमता कम
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग ने सुमेरपुर शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए अणगोर औद्योगिक क्षेत्र में जल शोधन यंत्र का निर्माण करवाा था। जहां इन दिनों मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके अलावा ग्रामीण इलाके के लिए जवाईबांध स्टेशन के समीप जल शोधन यंत्र लगा रखा है। वर्तमान में सुमेरपुर शहर में ९७०० जल उपभोक्ता हैं। जवाईबांध के समीप स्थित जल शोधन यंत्र की क्षमता १० लाख लीटर है। जबकि प्रतिदिन पेयजल वितरण के लिए लीटर पानी जरूरी है। इसके हिसाब से जल शोधन यंत्र की कार्यक्षमता कम होने के कारण वर्तमान में प्रतिदिन पानी देना संभव नहीं है। विभाग ने इस समस्या के समाधान के लिए अणगोर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित जल शोधन यंत्र की मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसमें पंपिंग सेट व पाइप लाइन बदली जाएगी। इस कार्य में लगभग चार-पांच माह लगने की संभावना है। कार्य शुरू हो चुका हैं। ऐसी स्थिति में सुमेरपुर शहरवासियों को आगामी मार्च-अप्रेल तक एकांतरे जलापूर्ति से ही संतोष करना पडेगा।
यह हैं बांधों की वर्तमान स्थिति
जवाईबांध की कुल भराव क्षमता ६१.२५ फीट के साथ ७३२७.५० एमसीएफटी है। वर्तमान में जवाईबांध में ५३.८० फीट के साथ ५४७१.८० एमसीएफटी पानी उपलब्ध है। इसके अलावा सेई बांध में ८.२० मीटर के साथ १०९८.७० एमसीएफटी पानी व कोलीबोर बांध में १६.३० मीटर के साथ १४६.७९ एमसीएफटी पानी उपलब्ध है। इस समय टनल के माध्यम से सेई बांध से जवाईबांध में पानी आ रहा हं। हालांकि मानसून विदा हो चुका है, लेकिन सेई से हो रही आवक से जवाईबांध में पानी की बढोतरी होने की संभावना है।
विधायक ने बताया
सुमेरपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को सदृढ़ करने के लिए वसुंधरा सरकार ने राशि स्वीकृत की थी। उसके बाद शहर के विभिन्न स्थानों पर चार उच्च जलाशयों का कार्य भी पूर्ण होने वाला है। इस बार जवाईबांध में भी पर्याप्त पानी है। इस संबंध में गत दिनों भाजपा पदाधिकारियों के साथ जिला कलक्टर से मुलाकात कर शहर की पेयजल समस्या की जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा था। साथ ही प्रतिदिन जलापूर्ति की मांग की थी। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नही दे रहे हैं।
जोराराम कुमावत, सुमेरपुर विधायक
अधिकारी का कहना है
सुमेरपुर शहर में पेयजल वितरण के लिए अणगोर औद्योगिक क्षेत्र में जल शोधन यंत्र है। जहां इन दिनों मरम्मत, पंपिंग सेट व पाइप लाइन बदलने का कार्य चल रहा है। इस कार्य में लगभग चार-पांच माह लग सकते हैं। अभी जवाईबांध के समीप स्थित जल शोधन यंत्र से पेयजल सप्लाई हो रहा है। इसकी क्षमता कम होने के कारण प्रतिदिन पेयजल सप्लाई करना संभव नहीं है। कार्य पूर्ण होने के बाद ही प्रतिदिन पानी देना संभव होगा।
गोखलेश असवाल, एईएन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग,
खण्ड सुमेरपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो