खुशखबर : विश्व पर्यटन में बढ़ रही जवाई अभयारण्य की ख्याती
- एशिया के प्रथम 30 की सूची में जवाई कैम्प ने 13वां स्थान किया हासिल

पाली। विश्व प्रसिद्ध राणकपुर मंदिर के बाद अब जवाई अभयारण्य क्षेत्र की ख्याती भी विश्व स्तर पर बढ़ रही है। देशी ही नहीं विदेशी पर्यटकों को जवाई अभयारण्य पर्यटन क्षेत्र लुभा रहा है। यही कारण है कि यूके, यूएस समेत कई देशों के पर्यटक बड़ी संख्या में यहां खींचे चले आते हैं। सालाना हजारों पर्यटक पेंथर समेत अन्य वन्य जीवों की झलक देखने और पर्यावरण का लुत्फ उठाने जवाई क्षेत्र में पहुंच रहे हैं।
जवाई कैंप को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन अवार्ड
जिले के पर्यटन के लिए खुशखबरी है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र की एक पत्रिका के वार्षिक रीडर्स च्वाइस अवार्ड 2020 में सुजान गु्रप के पाली स्थित सुजान जवाई कैम्प को एशिया के टॉप 15 में चुना गया है। एशिया के प्रथम 30 की सूची में जवाई कैम्प ने 13वां स्थान हासिल किया है। विश्व में सवा सात लाख पर्यटकों की राय पर यह अवार्ड दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे यूसूफ अंसारी का कहना है कि पर्यटन के क्षेत्र में इस अवार्ड को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पर्यावरण, वन्य जीव संरक्षण एवं सामाजिक कार्यों के लिए यह क्षेत्र विश्वभर में प्रसिद्ध है।
पर्यटन की असीम संभावनाएं
जिले में पर्यटन की असीम संभावनाए हैं। यहां देशी और विदेशी पर्यटक बहुतायत में आते हैं। इसी वजह से कई लोग यहां निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। पर्यावरण और वन्य जीवों के लिहाज से यह क्षेत्र पर्यटकों को लुभा रहा है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन पत्रिका ने भी यहां के जवाई कैंप को चुना है। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। -मोहम्मद रज्जाक, महाप्रबंधक, डीएमआइसी
अब पाइए अपने शहर ( Pali News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज