पाली

यहां पार्किंग व अतिक्रमण की समस्या, राहगिरों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं बेसहारा पशु

– पाली शहर के वार्ड 21 व 22 के हालात जानने पहुंची पत्रिका टीम

पालीOct 19, 2019 / 02:43 pm

Suresh Hemnani

यहां पार्किंग व अतिक्रमण की समस्या, राहगिरों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं बेसहारा पशु

पाली। शहर के मुख्य बाजार में वार्ड 21 व 22 स्थित है। इन वार्डों में पार्किंग, अतिक्रमण व बेसहारा पशुओं की मुख्य समस्या है। दोनों की वार्डों में दुकानदारों ने दुकानों आगे समान रख दिया है। बाजार में हाथ थेले वाले भी यातायात की समस्या बढ़ा रहे है। ऐसे में यहां दिनभर यातायात जाम रहता है। इन वार्डों में सीवरेज लाइन का काम तो अब तक शुरू ही नहीं हो पाया है।
यह हुए विकास कार्य 21
वार्ड में दो मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया गया। नालियां व सडक़ें बनाई गई। पानी की पाइप लाइन को बदला गया। लाइट की समस्या को भी काफी हद तक ठीक किया गया।
प्रमुख समस्या वार्ड 21
इस वार्ड में बेसहारा पशुओं की प्रमुख समस्या है। आसपास के कॉलोनी के लोग अपने पशु दिन में खुले छोड़ देते है। रात्रि के समय में पशुओं को घरों में वापस बांध देते है। सफाई की भी समस्या है।
क्या कहते हैं वार्डवासी 21
दुकानों के आगे ही सामान
इस वार्ड में कहीं पर भी पार्र्किंग की व्यवस्था नहीं है। दुकानों के आगे ही लोग दुपहिया वाहन खड़े कर देते है। इससे दिनभर जाम रहता है। व्यापारियों के लिए व्यापार करना मुश्किल हो गया है। -रतन खाठेड़
नहीं होती सफाई
वार्ड में सफाई नहीं होती है। बारिश में सडक़ें टूट गई है। वापस नहीं बन पाई है। सीवरेज का काम शुरु नहीं होने के कारण गंदे पानी की समस्या भी है। -भरत नाहर
विकास करवाया
वार्ड में दो मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया गया है। नालियां भी बनाई है। पानी की पाइन लाइन को बदला गया है। विद्युत व्यवस्था को भी सुधारा गया है। -मुन्नीदेवी, पार्षद

यह हुए विकास कार्य वार्ड 22
पुरानी सब्जी मंडी को नई मंडी बनाई गई। महाराणा प्रताप स्मारक बनाया गया। बाजार में ग्रेनाइट के शौचालय बनाए गए। वार्ड में चार ट्रांसफार्मर बनाए गए। इससे बाजार में लाइट की समस्या नहीं है। नालिया व सडक़ें भी बनाई गई है।
प्रमुख समस्या वार्ड 22
मुख्य बाजार में लोग दुकानों के आगे समान रख कर अतिक्रमण कर रखा है। बाजार में हाथ थेले वाले खड़े हो जाते है। इससे दिनभर यातायात जाम रहता है।

क्या कहते है वार्डवासी
पार्किंग की दिक्कत
पार्किंग की जबरदस्त समस्या है। पार्र्किंग नहीं होने से लोग अपने वाहन को पार्क नहीं कर पाते है। पार्र्किंग के अभाव में व्यापारियों को व्यापार करने में काफी समस्या आ रही है। -मनीष राठौड़
तिरपाल से समस्या
बाजार में दुकानदार अपने दुकानों के आगे तिरपाल लगा देते है। इससे कभी बड़ी घटना होने पर बड़े वाहन बाजार में नहीं आ पाते है। आगजनी की घटना होने पर फायर ब्रिगेड तक को आने में समस्या होती है। -श्यामलाल
प्रताप स्मारक बनवाया
वार्ड में महाराणा प्रताप स्मारक बनाया गया है। यह पाली का गौरव है। नई सब्जी मंडी भी बनाई है। जिससे हाथ थेले वाले अब सडक़ों पर खड़े नहीं होंगे। लाइट की व्यवस्था सुधारी गई। विकास के कई कार्य हुए। -विकास बुबकिया, पार्षद
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.