इस दौरान पहाड़ी पर उन्हें लेपर्ड का परिवार दिखा, जो अपने तीन शावक के साथ अठखेलियां कर रहा था। यह नजारा देख राहुल व प्रियंका रोमांचित हो गए। उन्होंने इसे शानदार बताया। सफारी के बाद राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से उदयपुर के लिए रवाना हो गए। जबकि उनकी बहन प्रियंका वडेरा अपने बच्चों के साथ सड़क मार्ग से काफिले के साथ उदयपुर के लिए निकली।
सोमवार अल सुबह राहुल गांधी व प्रियंका वडेरा अपने बेटे व बेटी के साथ सफारी कर जवाई डूब क्षेत्र के खेत खलियानों को निहारा व पैंथर स्पॉट पर ले जाकर दूरबीन से पैंथर परिवार को देखा। पैंथर कंजर्वेशन क्षेत्र स्थित उबड़ खाबड़ कच्चे रास्तों व ऊंची चट्टानो पर सफारी जिप्सी में बैठकर आनंद उठाया। इस क्षेत्र की खूबसूरती को सराहा। बिसलपुर बाली सड़क मार्ग पर वेयर हाउस के पीछे देर रात अस्थाई हेलीपेड बनाया गया था।
सोमवार को साढ़े नो बजे राहुल गांधी गाड़ी से हेलीपैड पहुंचे। जहां से वे प्रस्थान कर गए। सुबह करीब 11 बजे प्रियंका वडेरा उनके बेटे व बेटी कार में सवार होकर पुलिस जाब्ता के साथ यहां से रवाना हुए। जिला कलक्टर नमित मेहता, उपखंड अधिकारी धाय गुडे स्नेहल नाना बाली, पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत, एएसपी बाली ब्रजेश सोनी, सीओ रजत विश्नोई थानाधिकारी रामेश्वर भाटी, एडीएम चंद्र भानसिंह सहित आला अधिकारी मुस्तैद रहे। क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध थे।
रिसोर्ट में राहुला प्रियंका का राजस्थानी परम्परा के अनुसार स्वागत किया गया। उन्होंने राजस्थानी खाने का स्वाद चखा और इस क्षेत्र की जानकारी ली। अधिकारियों ने क्षेत्र में लेपर्ड की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में बताया। प्रियंका यहां पहले दो बार आ चुकी है। राहुल पहली बार ही आए। उदयपुर में चिंतन शिविर समाप्ति के बाद दोनों ने यहां आने का मानस बनाया था। अचानक हुए इस दौरे से पुलिस प्रशासन की परेड रही।