जिले के अरावली की वादियों में तेज बारिश का दौर जारी है। पहाडिय़ों से बहकर नीचे पहुंच रहे पानी से मघाई नदी का बहाव सादडी-राणकपुर बांध में हो रहा है। इससे बांध में लगातार आवक बनी हुई है। सादड़ी के परशुराम महादेव गुफा मंदिर में हुई बारिश से मंदिर की सीढिय़ों पर तेजगति से पानी बहने लगा। वहीं सादड़ी कस्बे में एक घंटे तक हुई बारिश से सडक़ों पर पानी बहने लगा। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह खिवाड़ा कस्बे सहित आसपास के गांवों तेज बारिश हुई है। सोजतरोड में भी करीब पौन घंटे तक बारिश के बाद सडक़ों व खेतों में पानी भर गया। मुख्य बाजार की दुकानों व घरों के बाहर भी तेजगति से पानी बहने लगा है। नाड़ोल में भी सुबह 5 बजे करीब एक घंटे बारिश हुई।
बाली उपखंड के बेड़ा के पास तेज बहाव से जवाई नदी उफान पर है। सादडी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 95 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुमेरपूर क्षेत्र में 61 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं बाली तहसील में सुबह 8 बजे तक 54 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यहां की अधिकतर नदियों में पानी का बहाव तेज है। पुलिस ने लोगों को बहती नदियों से दूर रहने को कहा है।