monsoon : यहां श्रावण में रुठा मानसून भादो में जमकर इठलाया, जवाई बांध से आठ हजार क्यूसेक पानी छोड़ा
पालीPublished: Sep 17, 2023 11:33:35 am
पहले खोले गए दो गेटों को ऊंचा उठाया, फिर गेट नम्बर चार को तीन फीट खोला, रात को 8:20 बजे बांध के गेटों को 1.5 फीट किया


monsoon : यहां श्रावण में रुठा मानसून भादो में जमकर इठलाया, जवाई बांध से आठ हजार क्यूसेक पानी छोड़ा
पाली जिले के विभिन्न अंचल में काले घने बादलों ने झमाझम पानी बरसाया। तेज बरसात से जवाई बांध में पानी की आवक तेज हुई तो उसका तीसरा दरवाजा खोलना पड़ा। पहले से खोले दो गेटों को ऊपर उठाया गया। बांध में 8 हजार 595 क्यूसेक पानी की आवक होने से बांध की पूरी भराव क्षमता 61.25 को स्थिर रखने के लिए 8 हजार 595 क्यूसेक पानी ही जवाई नदी में छोड़ा गया। पानी की इतनी मात्रा एक साथ निकलने से बांध के गेटों के आगे पानी का धुआं सा छा गया। जवाई बांध के जलग्रहण क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज बरसात हुई। बांध के जलग्रहण क्षेत्र में 37 एमएम बरसात होने पर बांध के 11 सितम्बर को खोले गए गेट संख्या 2 व 10 को 1.5 फीट तक ऊंचा किया गया। इसके बाद पानी की आवक तेज हो गई। इस पर गेटों को तीन-तीन फीट खोल दिए गए। इसके बाद भी पानी की आवक बढ़ती गई और शाम 5:50 बजे गेट संख्या 4 को भी एक फीट खोल गया। उसे कुछ समय बाद ही ऊंचा कर तीन फीट खोल दिया। इस पर तीनों गेटों से 8 हजार 595 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू हुई। इतनी ही पीछे से आवक हो रही थी।