पाली

जानलेवा लापरवाही : अंडरब्रिज की मंथर गति, पहुंचा रही क्षति

– रोज हो रहे हादसे, आंखें मूंद बैठे जिम्मेदार

पालीOct 25, 2021 / 09:43 am

Suresh Hemnani

जानलेवा लापरवाही : अंडरब्रिज की मंथर गति, पहुंचा रही क्षति

पाली/सोजत। नेशनल हाइवे स्थित गंगा पेट्रोल पम्प के समीप एलएनटी द्वारा डेढ़ वर्ष से अधिक समय से चल रहे अंडरब्रिज निर्माण कार्य जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते मंथर गति से चल रहा है। जिससे नगरजनों में आक्रोश है।गौरतलब है कि पेट्रोल पम्प के पास बन रहे अंडरब्रिज निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है। जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। अक्सर यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिसमें कई जने अंगभंग हो गए तो कइयों ने अपनी जान तक गंवा दी, फिर भी जिम्मेदार मौन धारण किए हुए हैं।
ब्रिज के दोनों तरफ से निकली रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से लोगों को बड़ी मुसीबतों से गुजरना पड़ रहा है। उधड़ी सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढ़ों, उड़ते धूल के गुबार से वाहन चालकों को बड़ी असुविधाओं से गुजरना पड़ रहा है। ब्रिज के दोनों तरफ रोड की मरम्मत न होने के कारण धूल के गुबार उड़ रहे है। यहां रात्रि में अक्सर रोड लाइटें बंद रहती है। टूटी सडक़, धूल उडऩे, बेसहारा मवेशियों के विचरण से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार ट्रक, ट्रोलर चालक भी अंधेरे में सडक़ के बीचोंबीच वाहन खड़े कर देते हैं। इससे कई बार पीछे से वाहन भी घुस जाते हैं। वाहनों की लम्बी कतारें भी लग रही हैं। कई वाहन चालक सर्विस रोड व अवैध कट से अंधाधुंध प्रवेश लेकर स्वयं की भी जान मुसीबत में डाल रहे हैं।
नहीं हो रही प्रगति
लम्बे समय से धीमी गति से चल रहा अंडरब्रिज निर्माण कार्य लोगों की जान का दुश्मन बन रहा है। रोजाना सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं फिर भी इस कार्य में कोई प्रगति नहीं हो रही है। लगातार शिकायतों के बावजूद न अधिकारी न जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं। –कन्हैयालाल शर्मा, वरिष्ठ नागरिक।
फैल रहा श्वांस रोग
अंडरब्रिज निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है। घंटों वाहनों का जाम लग रहा है। उधड़ी सडक़ व बड़े-बड़े गड्ढ़ों से लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उड़ती धूल श्वांस रोग का कारण बन रही है। – गिरवरसिंह राठौड़, क्षेत्रवासी।
अधिकारियों को दिए निर्देश
अंडरब्रिज निर्माण कार्य को गति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए हैं। कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सडक़ हादसों पर अंकुश लगाने के लिए निर्माण कार्य में सुधार लाकर गति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। – गोपाल जांगिड़, उपखंड अधिकारी।
सुविधायुक्त होगा अंडरब्रिज
दुर्घटनाओं की रोकथाम, सोजतवासियों की सुविधा के लिए अंडरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंडरब्रिज निर्माण को गति देने के लिए ठेकेदारों को पाबंद किया गया है। बीच में कारणवश काम रोक दिया गया था, जिसमें अब सुधार आया है। शीघ्र ही अंडरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। – शोभा चौहान, विधायक, सोजत

Home / Pali / जानलेवा लापरवाही : अंडरब्रिज की मंथर गति, पहुंचा रही क्षति

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.