युवक ने युवती को गोली मारी, फिर खुद ने गोली मार कर किया खुदखुशी का प्रयास, हालत गंभीर
- सुभाष नगर में फायरिंग की घटना से सनसनी
पाली
Published: April 09, 2022 01:37:12 am
पाली । शहर के सुभाष नगर ए में शुक्रवार रात एक फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। एक युवक ने युवती को घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी। फिर खुद ने भी कनपटी पर गोली मार ली। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। इधर, युवती का शव बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना के बाद युवती के घर के बाहर और अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। पुलिस देर रात तक अलर्ट रही।
औद्योगिक क्षेत्र थानाप्रभारी निरमा विश्नोई ने बताया कि नया गांव निवासी छगनलाल नामक युवक सुभाष नगर ए में देवाराम बंजारा के घर के बाहर आया और उसकी पुत्री ममता को बाहर बुलाकर गोली मार दी। इससे ममता घायल हो गई। तत्पश्चात छगनलाल ने खुद की कनपटी पर भी गोली मार दी। इससे दोनों लहूलुहान हो गए। दोनों को बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां ममता ने दम तोड़ दिया। वहीं छगनलाल की हालत भी नाजुक बनी हुई है। देर रात उसे जोधपुर रेफर किया गया। मृतका के पिता देवाराम बंजारा ने रिपोर्ट दी कि नयागांव निवासी छगनलाल शुक्रवार रात उसके घर आया और उसकी पुत्री ममता को घर के बाहर बुलाकर गोली मार दी। पिता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस बता रही प्रेम प्रसंग का मामला
थानाप्रभारी विश्नोई का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। आरोपी कैटरिंग का काम करता है। इधर, घटना के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। युवती के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। अस्पताल में भी भारी भीड़ जमा हो गई। देर रात युवती का शव मोर्चरी में रखने के बाद मामला शांत हो गया।

युवक ने युवती को गोली मारी, फिर खुद ने गोली मार कर किया खुदखुशी का प्रयास, हालत गंभीर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
