पाली

अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन के लिए चिल्लाती रही महिला, मौत

-सिरोही से एम्बुलेंस में लाया गया था महिला को

पालीApr 16, 2021 / 08:40 am

Suresh Hemnani

अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन के लिए चिल्लाती रही महिला, मौत

पाली। बांगड़ चिकित्सालय के कोविड सैम्पल आउटडोर के बाहर गुरुवार को एक महिला की मौत हो गई। महिला को उसके परिजन सिरोही से लाए थे। यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई।
अस्पताल में एक महिला को दो महिलाएं व दो पुरुष एम्बुलेंस से लेकर पहुंचे। वे कोविड 100 नम्बर कक्ष के बाहर ऑक्सीजन के लिए चिल्लाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे बाद अस्पताल के कार्मिक ऑक्सीजन सिलेण्डर लेकर मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस में ही महिला को ऑक्सीजन दी। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जब महिला की जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद महिला के परिजन एम्बुलेंस लेकर चले गए। ऑक्सीजन सिलेण्डर भी गाड़ी में ही ले गए। इस पर अस्पताल के कार्मिक को उनके पीछे भेजकर सिलेण्डर वापस मंगवाया गया। बांगड़ अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र अरोड़ा का कहना है कि महिला को अस्पताल के भीतर नहीं लाया गया। उसको अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस में ही ऑक्सीजन उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन वह बच नहीं सकी।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी
दोपहर करीब एक बजे मैं बांगड़ अस्पताल पहुंचा तो एक एम्बुलेंस में महिलाएं ऑक्सीजन के लिए चिल्ला रही थी। मैंने उनसे बात की। वे सिरोही से आईं थी। एम्बुलेंस में एक महिला बीमारी थी। वह तड़प रही थी। मैंने भी अस्पतालकर्मियों को ऑक्सीजन की व्यवस्था करने के लिए कहा। करीब आधे घंटे बाद अस्पतालकर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंचे। महिला को ऑक्सीजन भी दी गई, लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन रोते-चिल्लाते एम्बुलेंस लेकर लौट गए। –मेहबूब टी, पार्षद
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.