script

हरियाणा में कांग्रेस को गठबंधन की जरूरत नहीं:हुड्डा

locationपानीपतPublished: Apr 03, 2019 06:51:39 pm

अगले सप्ताह घोषित होगी प्रत्याशियों की सूची…

hudda file photo

hudda file photo

(चंडीगढ़,पानीपत): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव समन्वय समीति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में गठबंधन की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। आज यहां पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी एक लहर है और भाजपा जुमला साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और वर्तमान हालातों में कांग्रेस को किसी भी चुनावी गठबंधन करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस पार्टी अपने स्तर पर भाजपा को टक्कर देने में सक्षम है।

 

हुड्डा ने कहा कि चार साल तक हरियाणा में भाजपा की बी टीम बनकर काम करने वाली इनेलो आज पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। इनेलो में लगातार भगदड़ मची हुई है। यह चुनाव इनेलो के लिए अंतिम चुनाव साबित होगा। हुड्डा ने कांग्रेस पार्टी के पूरी तरह से एकजुट होने का दावा करते हुए कहा कि उनकी लोकसभा चुनाव लडऩे की कोई इच्छा नहीं है लेकिन पार्टी अगर निर्देश देगी तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगे।

 

 

हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में छह दिन चली परिवर्तन यात्रा के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार की चार्जशीट तैयार की है। इस चार्जशीट को लोकसभा चुनाव में जनता के बीच लेकर जाया जाएगा। इस पर चार्जशीट पर भाजपा से जवाब मांगा जाएगा। हुड्डा ने भाजपा पर नौकरियों में भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना अवैध धन के हर जिले में करोड़ों रुपये के पार्टी दफ्तर नहीं बनाए जा सकते। हरियाणा में वर्ष 2009 का रिकार्ड दोबारा बनाए जाने का दावा करते हुए हुड्डा ने स्वीकार किया कि हरियाणा में कांग्रेस के सभी दिग्गजों को चुनाव लड़ाने का प्रयोग किया जा सकता है। इसमें कोई हर्ज नहीं है। उन्होंने माना कि कांग्रेस का जिला व ब्लाक स्तर पर संगठन नहीं है, लेकिन साथ ही कहा कि इसके बावजूद पार्टी धरातल पर मजबूत है।


पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर 154 वादों में से एक भी पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री मनोहर लाल लोकसभा का चुनाव लड़ते हैैं तो स्वागत है। मै उनके बराबर चुनाव लडऩे को तैयार हूं।

 

विधायक दल के नेता से जरूरी है चुनाव जीतना

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस द्वारा हरियाणा विधानसभा में विपक्ष का नेता चुने जाने के मुद्दे पर सवालों को टालते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कोई एक सर्वमान्य नाम तय होगा, लेकिन पार्टी की प्राथमिकता फिलहाल लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करना है।


यूपी,राजस्थान व उत्तराखंड में करेंगे प्रचार

भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। हुड्डा के साथ मंच पर मौजूद उत्तर भारत के गुर्जर नेता एवं पूर्व विधायक धर्म सिंह छौकर ने बताया कि उनकी ड्यूटी राहुल गांधी की आठ अप्रैल को सहारनपुर में होने वाली रैली के लिए लगी है। चार से आठ अप्रैल तक इस रैली के लिए वे अपनी पूरी टीम के साथ सहारनपुर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और बिजनौर में चुनाव प्रचार करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो