पानीपत

बसपा से गठबंधन टूटने के बाद इनेलो ला सकता है कोई नया राजनीतिक समीकरण

जींद उपचुनाव में करारी हार के बाद इनेलो प्रमुख ओपी चौटाला ने संगठन की चुस्ती के लिए किया फेरबदल, समूचे हरियाणा में कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद की तैयारी…

पानीपतFeb 11, 2019 / 03:49 pm

Prateek

op chautala file photo

(चंडीगढ,पानीपत): हरियाणा में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मद्येनजर जहां बहुजन समाज पार्टी ने मुख्य विपक्षी दल इनेलो का दस माह पुराना साथ छोडकर नई गठित लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के साथ गठबंधन किया है तो अब इनेलो के नया समीकरण पेश किए जाने की संभावना है। समझा जा रहा है कि इनेलो अपने समीकरण में ग्रामीण वोट बैंक को शहरी आधार वाली पार्टी के साथ जोडेगी। उधर जननायक जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन की तैयारी कर ली है।

 

इन दिनों इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला फरलो पर जेल से बाहर है। हाल में जींद विधानसभा उपचुनाव में इनेलो की करारी हार के बाद ओमप्रकाश चौटाला ने जेल से बाहर आते ही संगठन को चुस्त बनाने के लिए फेरबदल किए है। इसके साथ ही उन्होंने समूचे हरियाणा में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद के लिए अपने कार्यक्रम तय किए है। इसके तहत विधायक नसीम अहमद को मेवात का जिलाध्यक्ष बनाया है। पानीपत का जिलाध्यक्ष हेमन्त जागलान को बनाया गया है। हल्का प्रधान व शहरी प्रधान नियुक्त किए गए है।

संगठन को चुस्त बनाने के साथ ही ओमप्रकाश चौटाला ने 11 फरवरी से 20 फरवरी तक समूचे हरियाणा में जनसभाओं को संबोधित करने के कार्यक्रम तय किए है। ओमप्रकाश चौटाला इनेलो का जनाधार टूट कर जननायक जनता पार्टी की ओर मुडने से रोकने के लिए इस तरह अपनी ताकत झोंकने जा रहे है।

 

जींद में पार्टी को मिली थी शिकस्त

जींद विधानसभा उपचुनाव में इनेलो प्रत्याशी की करारी हार हुई थी और जननायक जनता पार्टी 30 फीसदी से अधिक वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रही थी। जींद विधानसभा उपचुनाव में इस प्रदर्शन से जननायक जनता पार्टी अपने को प्रदेश में सत्तारूढ भाजपा का विकल्प मान रही है।


इधर बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर दलित और पिछडा का मेल करने के लिए लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के साथ गठबंधन किया है वहीं जननायक जनता पार्टी कुछ व्यापारी तबके और छोटे धन्धे कर आजीविका चलाने वालों के वोट हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी से गठबंधन करने की तैयारी में है। जींद विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने जननायक जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला के समर्थन में रैली को संबोधित किया था। जननायक जनता पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि केजरीवाल के संबोधन से पार्टी प्रत्याशी को शहरी वोट उम्मीद से अधिक मिले है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.