शहर के पीने के लिए आरक्षित लोकपाल सागर तालाब का पानी किसानों को सिंचाई के लिए देगा जिला प्रशासन
पन्नाPublished: Dec 04, 2022 10:22:20 pm
नगर पालिका के विरोध के बाद भी शहर को पेयजल के लिए आरक्षित पानी अब किसानों को दिए जाने के निर्णय के खिलाफ उठने लगे विरोध के स्वर
कांग्रेस नेताओं और किसानों ने बीते दिनों पानी की मांग को लेकर किया था चक्काजाम आंदोलन
तालाब से सिंचाई के लिए पानी देने की मांग को लेकर पूर्व में भी किसानों व कांग्रेस नेताओं ने सौंपा था ज्ञापन


लोकपाल सागर तालाब का फाइल फोटो
पन्ना. बीते गर्मी के सीजन में ही पन्ना शहर के ५० साल के इतिहास का सबसे बड़ा जल संकट झेला है। उस दर्द से अभी तक शहर उबर भी नहीं पाया है, अभी भी ४८ घंटों में सिर्फ १ घंटे के लिए शहर के लोगों को पानी की सप्लाई हो रही है। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने शहर को पेयजल की आपूर्ति के लिए आरक्षित लोकपाल सागर तालाब के पानी को किसानों को सिंचाई के लिए सप्लाई करने का फैसला किया है, जबकि इस प्रस्ताव का नगर पालिका की ओर से बैठक में विरोध भी किया गया था। जिला प्रशासन के इस निर्णय के विरोध में शहर के लोगों के बीच भी विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं।