scriptभाजपा का टिकट घोषित होते ही तेज हुआ स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा | loksabha electin in panna | Patrika News

भाजपा का टिकट घोषित होते ही तेज हुआ स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा

locationपन्नाPublished: Apr 15, 2019 01:39:07 am

Submitted by:

Bajrangi rathore

भाजपा का टिकट घोषित होते ही तेज हुआ स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा

loksabha electin in panna

loksabha electin in panna

पन्ना। खजुराहो लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद से ही सभी की नजरें भाजपा प्रत्याशी पर टिकी थीं। भाजपा से करीब दर्जनभर लोगों द्वारा दावेदारी की जा रही थी। क्षेत्र के सभी नेताओं की दावेदारी को दरकिनार करते हुए भाजपा ने मुरैना निवासी पार्टी के प्रदेश महामंत्री बीडी शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है।
भाजपा का प्रत्याशी घोषित होते ही सोशल मीडिया में स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे ने जोर पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर स्थानीय दावेदारों में से किसी को टिकट नहीं देने को लेकर भाजपा को लोग कोस रहे हैं। पार्टी से जुड़े लोगों का भी कहना है कि यदि स्थानीय प्रत्याशी को टिकट मिल जाता तो जीत ज्यादा आसान होती। अभी तक जिले में पार्टी के अंदर से सार्वजनिक रूप से किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राजनगर विधायक विक्रम सिंह की पत्नी कविता सिंह का नाम तय है। कविता सिंह पन्ना जिले की बेटी हैं और राजनगर में ससुराल है। वे लोकसभा क्षेत्र के दोनों जिलों से संबंध रखती हैं, इससे उम्मीद की जा रही थी कि भाजपा भी दबाव में स्थानीय प्रत्याशी उतार सकती है। इस करण बीते एक सप्ताह से करीब एक दर्जन दावेदारों के नामों की चर्चा सोशल मीडिया में चल रही थी। लोकसभा चुनाव में कांटे का मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।
सोशल मीडिया में विरोध

खजुराहो लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में बीडी शर्मा का नाम सामने आने के बाद से सोशल मीडिया में विरोध शुरू हो गया है। लोग भाजपा पर हमेशा बाहरी प्रत्याशी को टिकट देने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं कई लोग इसे भाजपा का आत्मघाती कदम भी बता रहे हैं।
भाजपा द्वारा बाहरी को टिकट देने के बाद कांग्रेसी भी खासे उत्साहित दिख रहे हैं। वे उम्मीद लगा रहे हैं कि भाजपा का यह कदम आत्मघाती साबित हो। अभी तक विरोध सिर्फ सोशल मीडिया में ही चल रहा है पर सड़कों पर नहीं देखा गया है। हालांकि आगामी दिनों में स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे के और अधिक जोर पकडऩे की उम्मीद है।
जानिए कौन हैं बीडी शर्मा

शर्मा वर्तमान में भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं। वे ग्राम सूरजपुर जिला मुरैना के मूल निवासी हैं। उन्होंने एमएससी एग्रीकल्चर ग्वालियर से की है। इंडो-चीन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2015 के डेलीगेशन का नेतृत्व किया था। वे कबड्डी, वॉलीबाल और एथलेटिक्स के खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1986 एबीवीपी में की। 2013 में भाजपा में शामिल हुए। 2013 से 2018 तक भाजपा के प्रचारक रहे हैं।
कविता सिंह को जानें

गुनौर विधानसभा के ग्राम भड़ार निवासी शंकर प्रताप सिंह जूदेव की बेटी हैं। उन्होंने प्राथमिक से लेकर स्नातक तक की शिक्षा मान कुंवर बाई महाविद्यालय से प्राप्त की। वे राजनगर विधायक विक्रम सिंह की पत्नी व वर्तमान में खजुराहो नगर परिषद की अध्यक्ष हैं।
विद्यार्थी परिषद से हैं। अच्छा काम किया है। छत्तीसगढ़ और मप्र में चुनावी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। मेहनती और दूरदर्शी सोच वाले नेता हैं। केवल इतना है कि वे स्थानीय नहीं हैं।
सुदीप श्रीवास्तव, मेंबर सीडब्ल्यूसी
कांग्रेस ने स्थानीय प्रत्याशी घोषित किया है। इससे अभी की स्थिति में तो कांग्रेस का पलड़ा थोड़ा भारी दिखता है। स्थानीय प्रत्याशी होने का कुछ लाभ मिल सकता है। फैसला तो जनता को करना है।
यूसुफ बेग, अध्यक्ष पत्थर खदान मजदूर संघ
स्थानीय या बाहरी कोई मुद्दा नहीं है। बड़ा मुद्दा है कि विकास। फिलहाल दोनों ही प्रत्याशियों से ऐसी उम्मीद नहीं है कि वे विकास करेंगे। चुनाव में विकास की बात कोई नहीं कर रहा है।
कमल किशोर, छात्र
महंगाई और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। इन पर कोई पार्टी और नेता बात नहीं कर रहा है। सभी स्थानीय और बाहरी पर लगे हैं। बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की भी कोई बात नहीं कर रहा है। पवन कुमार, स्थानीय युवा
कटनी में विरोध, पूर्व विधायक ने दिया इस्तीफा

खजुराहो लोकसभा सीट से लंबे इंतजार के बाद बीडी शर्मा को उम्मीदवार घोषित करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। टिकट नहीं मिलने ने नाराज कटनी-मुड़वारा सीट से विधायक रहे गिरिराज किशोर पोद्दार ने पार्टी से इस्तीफा तक दे दिया। पूर्व विधायक ने प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने नाम लिखी चिट्टी फेसबुक में अपने वाल पर पोस्ट की है।
इसके अलावा कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक और कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे धु्रव प्रताप सिंह ने पार्टी के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस दिन को खजुराहो लोकसभा के लिए काला दिवस तक करार दे दिया।
सोशल मीडिया में किए गए पोस्ट के माध्यम से सिंह ने कहा कि भाजपा के इस निर्णय से में सहमत नहीं हूं। विरोध करता हूं। उन्होंने कहा कि बाहर से उम्मीदवार थोपना अच्छी बात नहीं है। ग्वालियर-मुरैना के कार्यकर्ता, नेता को अपने क्षेत्र में ही संघर्ष करना चाहिए। अतिक्रमण से लोकल लीडरशीप को नुकसान होता है।
विजयराघवगढ़ से पूर्व विधायक धु्रव प्रताप सिंह और पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार द्वारा टिकट के निर्णय पर विरोध की जानकारी मिली है। दो दिन पहले गिरिराज किशोर से मुलाकात की थी। एक बार फिर दोनों वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे और चर्चा करेंगे।
पीतांबर टोपनानी, जिलाध्यक्ष, कटनी बीजेपी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो