scriptदो से बंद हो जाएंगी अधिकांश बसें, भीषण गर्मी में हजारों लोगों को उठानी पड़ेगी परेशानी | Most buses will stop from voting, thousands of people will have troubl | Patrika News

दो से बंद हो जाएंगी अधिकांश बसें, भीषण गर्मी में हजारों लोगों को उठानी पड़ेगी परेशानी

locationपन्नाPublished: Apr 22, 2019 09:34:50 pm

Submitted by:

Shashikant mishra

चुनाव में लगे सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम फिट करने के लिये 2 मई से ही किया जाएगा वाहनों का अधिग्रहणवैवाहिक सीजन में सार्वजनिक वाहनों की जब सबसे अधिक जरूरत तभी नहीं मिलेंगे वाहन

दो से बंद हो जाएंगी अधिकांश बसें, भीषण गर्मी में हजारों लोगों को उठानी पड़ेगी परेशानी

दो से बंद हो जाएंगी अधिकांश बसें, भीषण गर्मी में हजारों लोगों को उठानी पड़ेगी परेशानी

पन्ना. आगामी लोकसभा चुनाव के लिये जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को करीब 300 बसों की जरूरत होगी। इसके लिए वाहनों के अधिग्रहण का कार्य 2 मई से शुरू हो जाएगा, जबकि चुनाव 6 मई को है। इस प्रकार से चुनाव के कारण २ मई से ६ मई की देर रात तक सड़कों में अधिकांश बसें नहीं चल पाएंगी। जबकि वैवाहिक सीजन होने के कारण इस समय लोगों को आवागमन के लिये सार्वजनिक वाहनों की सबसे अधिक जरूरत होगी। रेल सुविधा विहीन पन्ना जिले में सबसे अधिक जरूरत के समय ही करीब 5 दिनों तक अधिकांश यात्री वाहनों के आम जनता के लिये उपलब्ध नहीं रहने से जनता को काफी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। भीषण गर्मी का दौर लोगों की समस्या को और भी अधिक बढ़ा सकता है।
गौरतलब है कि आगामी 6 मई को खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। इसके लिये जिला प्रशासन द्वारा इस बार मतदान के चार दिन पूर्व से ही वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। पूर्व में यह अधिग्रहण 3 मई की शाम 5 बजे से होना था। बाद में जिला प्रशासन द्वारा इसमें संशोधन करके २ मई से अधिग्रहण की बात कही है। तर्क यह दिया गया कि चुनाव कार्य में लगे सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम फिट करना होगा। इससे समय लगेगा। इसी कारण से वाहनों का अधिग्रहण दो दिन पूर्व किया जा रहा है। प्रशासन के अधिकारी भी यह मानते हैं कि इससे आम जनता को समस्या तो होगी पर चुनाव प्राथमिकता है।

सतना और छतरुपुर की बसों का भी होगा अधिग्रहण
चुनाव के लिये १९२ रूटों के लिये इतनी ही बसें, रिजर्व रखने के लिये करीब डेढ़ दर्जन और पुलिस विभाग को करीब आधा सैकड़ा बसों की जरूरत होगी। बताया गया कि विस चुनाव की अपेक्षा लोकसभा चुनाव में रूट बढ़ गए हैं। इससे विस चुनाव की अपेक्षा लोस चुनाव में बसों की मांग भी बढ़ी है। आरटीओ द्वार करीब सवा तीन सौ बसों को अधिग्रहण का नोटिस दिया गया है। इनमें पन्ना जिले के अलावा सतना की 20 और छतरुपर की 48 बसों का भी अधिग्रहण किया जाएगा। बसों के अधिग्रहण होने के कारण ग्रामीण रूटों पर तो माल वाहक वाहनों से यात्री ढोए जाते हैं,लेकिन शहरी क्षेत्र में समस्या और भी अधिक गंभीर हो जाती है।

2 से 6 तक नही बनाएं कहीं जाने की योजना
जिला प्रशासन द्वारा 2 से 6 मई तक चुनावी कार्य से वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। इन वाहनों को मतदान दलों के लौटने के बाद ही अधिग्रहण से मुक्त किया जाएगा। इससे ७ मई की सुबह से ही यात्री वाहन उपलब्ध हो सकेंगे। जिला रेल सुविधा विहीन है। इससे यहां बसें ही सार्वजनिक आवागमन का एकमात्र साधन हैं। इससे विभिन्न मार्गों में चलने वाली अधिकांश बसों का अधिग्रहण हो जाने के बाद लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है। इससे लोगों को सलाह दी जाती है कि यदि अति आवश्यक नहीं हो तो 2 से 6 मई तक कहीं जाने का प्लान नहीं बनाएं। वाहनों के मार्ग में कम होने से आवागमन में परेशानी हो सकती है।

गर्मी और वैवाहिक सीजन से ज्यादा समस्या
रेल सुविधा विहीन पन्ना जिले में चलने वाले अधिकांश वाहनों का अधिग्रहण होने के बाद लोगों को आवागमन में भारी समस्या हो सकती है। इन दिनों वैवाहिक सीजन चलने के कारण लोगों को परिवहन के सार्वजनिक साधनों की सबसे अधिक जरूरत होगी। इसी दौरान वाहनों का अधिग्रहण होने से लोगों की समस्या कई गुना अधिक बढ़ सकती है। शासन की ओर से इतनी बड़ी संख्या में वाहनों का अधिग्रहण किए जाने के कारण लोगों को होने वाली समस्या का निराकरण करने के लिये कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है। इन दिनों भीषण गर्मी का दौर भी शुरू हो गया है। वाहनों की कर्मी और भीषण गर्मी लोगों की समस्या को कितना हद तक बढ़ा सकती है इसका तो बस अनुमान ही लगाया जा सकता है।

करीब सवा तीन सौ बसों को अधिग्रहण का नोटिस दिया गया है। इनमें से जरूरत के अनुसार बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। इस बार जीपीएस लगाने के लिये २ मई से बसों के अधिग्रहण के आदेश है। पन्ना के अलावा सतना से २० और छतरुपर से ४८ बसों को नोटिस दिया गया है।
संजीव शुक्ला, आरटीओ
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो