scriptमां के दरबार में भक्तों का लगा तांता | The devotees felt in the court of Mother | Patrika News

मां के दरबार में भक्तों का लगा तांता

locationपन्नाPublished: Oct 11, 2018 12:41:35 am

Submitted by:

Bajrangi rathore

मां के दरबार में भक्तों का लगा तांता

 The devotees felt in the court of Mother

The devotees felt in the court of Mother

पन्ना। हीरों और मंदिरों की नगरी के नाम से विख्यात पन्ना में नवरात्रि के दौरान पद्मावती मंदिर (पद्मावती शक्तिपीठ व बड़ी देवी मंदिर) में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। जिलेभर में नवरात्रि के प्रारंभ होने से जगह-जगह मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है।
नगर के उत्तर-पश्चिम छोर पर किलकिला नदी के समीप यह प्राचीन मंदिर स्थित है। इस मंदिर को स्थानीय बोली में बड़ी देविन कहते हैं। बुदेलखण्ड के लोग इसे पन्ना की मैहर माता मानते हैं वही वायुमंडल के दृष्टिकोण से मैहर की शारदा माता, पवई की कलेही देवी और पन्ना की पद्मावती देवी एक समान दूरी पर हैं।
प्राचीन कथाएं

पद्मावती देवी मंदिर का जितना बड़ा धार्मिक महत्व है उतना ही ऐतहासिक भी है। 925 में तुर्क यात्री इबने कुरदान ने अपने यात्रा अभिलेख में इस स्थान का वर्णन किया है। यहां एक प्राचीन शिलालेख भी है, जिसमें ब्राह्मी लिपि में लिखा गया, जो अभी अपठनीय है। नवरात्रि में यहां ज्यादा ही भक्तों की भीड़ होती है।
शहर के लोगों का आस्था का केंद्र

नवरात्रि प्रारंभ होते ही शहर को बेहतरीन तरीके से सजा दिया गया है। सुबह से भक्त मां को जल चढ़ाने घर से निकल जाते हैं। मां के गीत गाते हुए मंदिर पहुंचते हैं। छोटी-छोटी कन्याएं, महिलाएं, पुरुष सभी मां के दर्शन करने के लिए सुबह से कतार में लग जाते हैं।
शांति समिति की बैठक

नवरात्रि एवं दशहरा के मद्देनजर थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि त्योहार शांतिपूर्वक मनाएं और चुनाव आचार संहिता का पालन करें। डीजे का प्रयोग नहीं करें। चौराहों पर रखने वाली मूर्तियां के पास से निकलने की जगह बना के रखें।
बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीएमओ नगरपालिका, थाना प्रभारी कोतवाली एवं रहवासी उपस्थित थे।

जय माता के जयकारे से नगर गुंजायमान

शाहनगर। नवरात्रि पर्व को लेकर नगर मे बच्चों, युवाओं सहित महिलाओं में जमकर उत्साह देखा गया। नगर के मंदिरों खेर माता, दिसाई दाई आदि स्थानों पर सुबह से जल चढ़ाने श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। वही बैठकी पर कटनी, जबलपुर से माता की प्रतिमाएं नगर में विराजित कराई गईं।
शक्ति की आराधना में लीन मां कलेही की पवित्र नगरी

पवई। जगत जननी मातेश्वरी मां कलेही की आराधना का महोत्सव नवरात्र पर्व 10 अक्टूबर को बैठकी से आरंभ हो गया है। 9 दिन तक हर ओर आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत नजारे दिखाई देंगे। सुबह से ही नगर एवं क्षेत्र में हजारों देवी भक्तों की भीड़ हाथों में जल कलश और पूजन सामग्री लिए मंदिरों में दिखी।
लोगों ने मां कलेही दरबार पहुंचकर जगत जननी को जल अर्पित किया। नगर मुख्यालय से महज आधे किमी दूरी पर पतने नदी के किनारे विराजीं माता कलेही मंदिर 9 दिन तक नगर एवं ग्रामीण अंचलों में आस्था का विशेष केंद्र बना रहता है। शाम को होने वाली आरती में भक्तों का सैलाब उमड़ता है।
मां भवानी मां जगदंबा भक्तों की ओर से दर्जनों स्थान पर प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है, वहीं दीवारों पर घट-घट में स्थापना के साथ जवारे बोए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार नगर में करीब 30 से 40 स्थानों पर दुर्गा समितियों की ओर से प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।
अजयगढ़ में भी बैठक

अजयगढ़। थाना परिसर मे नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीएम जेएस बघेल, एसडीओपी इसरार मंसूरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आचार संहिता को देखते हुए त्यौहार मेंं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाए जाने पर जोर दिया गया।
रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र पर प्रतिबंध रहेगा। देेवी प्रतिमाओं के आसपास सफाई व्यवस्था नगर पंचायत द्वारा की जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने के लिए अनुमति लेना आवश्यक है। जुलूस में नशा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
दशहरा के दिन चल समारोह पुराने महलों से दुर्गा प्रतिमाओं का जुलूस नगर भ्रमण करते हुए छोटी फील्ड दशहरा मैदान में पहुंचकर रावण का दहन किया जाएगा इसके उपरान्त मूर्ति विसर्जित की जाएंगी। बैठक में तहसीलदार राजेंद्र मिश्रा, नगर निरीक्षक वीरेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, सीएमओ अजय अग्निहोत्री, जेइ अखिलेश निगम, ब्रजेन्द्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो