script

पलायन ने छीनी जिंदगी- पन्ना के दो सगे भाइयों की हिमाचल प्रदेश में हत्या

locationपन्नाPublished: Apr 29, 2022 12:31:45 pm

रिश्ते के मामा ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने गिरफ्तार किया

Symbolic Pics to Show Crime and Criminial in UP Police Case

Symbolic Pics to Show Crime and Criminial in UP Police Case

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के दो सगे भाइयों की मामूली विवाद में हिमाचल प्रदेश में धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला समाने आया है। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम सगरा निवासी इन भाइयों की हत्या का आरोप उनके रिश्ते के मामा पर है। दोनों पन्ना से पलायन कर मजदूरी करने कांगड़ा जिले में गए थे।

वारदात के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसी ने अज्ञात लोगों द्वारा हत्या किए जाने का शोर मचाया और पुलिस को गुमराह करता रहा। हालांकि संदेह के आधार पर पुलिस ने मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पर्दा उठा गया।

बताया गया कि सगरा निवासी अनिल कुमार (18) पिता धनीराम और उसका सगा भाई विनोद कुमार (21) अपने रिश्ते के मामा घनश्याम सहित अन्य लोगों के साथ रोजगार की तलाश में हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा ग्राम डाहकुलाड़ा गए थे। वहां तीनों एक साथ ही रहते थे। डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा के अनुसार घनश्याम की दो सप्ताह पूर्व विनोद और अनिल के साथ कहासुनी हुई थी।

उसी दिन से वह उनके कत्ल की साजिश रचने लगा। इसीलिए वह पठानकोट से एक दातर खरीदकर लाया था। बीती रात पहले उसने अनिल को मारा और उसकी लाश को कंबल में लपेट दिया। सुबह चार बजे विनोद को भी मौत के घाट उतार दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद शोर भी मचा दिया।

आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने मनगढ़ंत कहानी बनाई, लेकिन जल्द ही मामले को सुलझा लिया गया। आरोपी ने जुर्म कुबूल कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल दातर को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
– डॉ. खुशहाल शर्मा, एसएसपी कांगड़ा

हमें अभी इस तरह की कोई जानकारी नहीं मिली। हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने भी इस संबंध में संपर्क नहीं किया है। यदि इस तरह की घटना हुई होगी, तो वहां कार्रवाई चल रही होगी। जहां तक मृतकों के शव का मामला है तो वह परिजनों को सौंपे जाएंगे। अब परिजनों के ऊपर है कि वह वहीं अंतिम संस्कार करेंगे या पन्ना जाएंगे।
– धर्मराज मीना, एसपी पन्ना

ट्रेंडिंग वीडियो