scriptपन्ना टाइगर रिजर्व में युवा बाघ का शिकार, फंदे पर लटका मिला शव | Young tiger hunted in Panna Tiger Reserve | Patrika News
पन्ना

पन्ना टाइगर रिजर्व में युवा बाघ का शिकार, फंदे पर लटका मिला शव

उत्तर वन मंडल के देवेंद्रनगर रेंज की घटना, मृत बाघ का शव 4-5 दिन पुराना होने की आशंका, शव में कीड़े पडऩे से आ रही थी दुर्गंध

पन्नाDec 08, 2022 / 12:07 am

Sonelal kushwaha

Young tiger hunted in Panna Tiger Reserve

Young tiger hunted in Panna Tiger Reserve

पन्ना. पन्ना टाइगर रिजर्व में फिर एक युवा बाघ का शिकार हो गया। बुधवार की सुबह बाघ का शव पन्ना व सतना की डॉग स्क्वॉड और एसटीएफ टीम को देवेंद्रनगर रेंज की तिलगवां बीट में क्लच वायर के सहारे फंदे पर लटका मिला है। यह देखने में तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। बाघ के शव का जमीन से लगा हिस्सा सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। शिकार की सूचना मिलते ही विभागीय अफसरों में हड़कंम्प मच गया। सुबह अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्लच वायर से मृत बाघ को अलग किया गया। डिप्टी डायरेक्टर पन्ना टाइगर रिजर्व रिपुदमन सिंह, एनटीसीए के प्रतिनिधि इंद्रभान सिंह की मौजूदगी में वाइल्ड लाइफ चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता ने मृत बाघ का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कराया है। सीसीएफ छतरपुर संजीव झा ने बताया कि मृत बाघ की उम्र करीब दो साल रही होगी। प्रथम द़ृष्ट्या मामला शिकार का लगाता है। जांच के लिए एसटीएफ को बुलाया है।

इस तरह लटका बाघ
वन अमले व स्थानीय लोगों ने बताया कि फसल सुरक्षा के लिए किसान खेत में फंदा लगा देते हैं। आशंका है कि बाघ उसी फंदे में जाकर फंस गया होगा। जहां शव मिला है वहां लगे पेड़े में बाघ के चढऩे के निशान भी मिले हैं। पेड़ पर चढऩे के दौरान बाघ गिर गया होगा और उसके गले में फंसी क्लच वायर पेड़ में फंस गई होगी। इससे बाघ की मौत हो गई। जांच के दौरान लकड़ी का एक टुकड़ा भी मिला है, जो तार में फंसा था। बाघ संरक्षण की दिशा में काम कर रही संस्था दि लास्ट वाइल्डनेस फाउंडेशन के फील्ड को-ऑर्डिनेटर इंद्रभान सिंह बुंदेला बताते हैं कि दो साल पूर्व भी इसी तरह से सलेहा क्षेत्र में तेंदुए की मौत हुई थी। उसका शिकार भी फसल सुरक्षा के लिए इंसान व वन्य प्राणियों के बीच द्वंद्व का परिणाम है। इसे रोकने के लिए वन क्षेत्रों में फसल सुरक्षा दीवार बनाने की जरूरत है।

टाइगर रिजर्व के डाटा से मैच करेंगे
मृत बाघ की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसके फोटो लिए गए हैं, जिसका मिलान पन्ना टाइगर रिजर्व के डाटाबेस में किया जाएगा। सीसीएफ झा ने लोगों से सहयोग मांगा है। कहा कि यदि किसी के पास बाघ के शिकार मामले की जानकारी है तो वह दे सकते हैं। हम उनका नाम गुप्त रखेंगे।

जून महीने में एक ही दिन मिले थे बाघ व शावक के शव
टाइगर रिजर्व में बाघ के शिकार का यह पहला मामला नहीं है। इसी साल 9 जून की सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व के नर बाघ पी-111 व शाम को बाघिन पी-234 के करीब 9 माह के शावक का शव मिला था। बाघ की उम्र 13 वर्ष रही होगी। डीलडौल व साइज के लिहाजा से यह पन्ना टाइगर रिजर्व का सबसे बड़ा बाघ था। इसकी एक झलक पाने पर्यटक बेताब रहते थे। वंशवृद्धि में इसने अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि इसका जन्मदिन केक काटकर मनाया जाता था।

पन्ना में बाघ के शिकार के मामले गंभीर हैं। बड़ी मेहनत से यहां बाघों का संसार बसाया गया है। लापरवाही किसी कीमत में सहन नहीं की जाएगी। मैंने पन्ना कलेक्टर संजय मिश्रा व एसपी धर्मराज मीणा से बात कर मामले की अलग से जांच करने व दोषियों को पकडऩे के लिए कहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बात करूंगा।
विष्णु दत्त शर्मा, सांसद खजुराहो

टाइगर का शिकार गंभीर मामला है। बाघ संरक्षण के लिए सरकार हर साल लाखों का बजट देती है। ऐसे में बाघ का शिकार हो जाना निंदनीय है। उच्चस्तरीय जांच कराते हुए बाघों की सुरक्षा पुख्ता की जाएगी।
बृजेन्द्र प्रताप सिंह, खनिज मंत्री
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो