थीम्ड बाथ
अगर आपके नन्हे को नहाने से डर लगता है तो आप उसके पसंदीदा खिलौने पर नहाने का डेमो दिखा सकती हैं। जब वह अपने खिलौने को नहाते हुए और मजे करते हुए देखेगा तो यकीनन ही उसका भी नहाने का मन करेगा और वह बिना डर के नहाएगा। इसमें उसे मजा भी बहुत आएगा।
नहाते समय पेंट
आप अपने नन्हे को नहाते समय बाथरूम की दीवारों, बाथटब, टाइल्स और खुद पर भी पेंट करने की इजाजत दे सकती हैं। इससे उसे नहाने में मजा भी आएगा। आप इस पेंट को आराम से घर पर बना सकती हैं। एक चम्मच मक्के का आटा, चार से छह पम्प्स बेबी शैंपू, दो से तीन बूंद फूड कलर और एक से दो चम्मच पानी मिलाकर आप यह पेंट बना सकती हैं।
रोल प्ले
नहाते समय आपका बच्चा जिस चीज से डरता है, चाहे वह बाल धोना हो, स्पॉन्ज हो या कुछ और, आप उसके खिलौनों के साथ वह सब करके दिखा सकती हैं। उसके खिलौनों को नाम दें और उन्हें कैरेक्टर बना दें। इसके बाद उनके साथ वह चीजें करें, जिनसे आपका बच्चा डरता है या एंजॉय भी करता है। इससे बच्चे का डर निकलेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
संवेदक अनुभव दें
जब भी आप अपने नन्हे को नहलाने जाएं तो वहां विभिन्न चीजें रख दें, जिन्हें वह पकड़ सके और महसूस कर सके। इसके लिए आप सॉफ्ट फ्लैनल्स, अलग तरह के फिसलने वाले साबुन, गुब्बारा आदि का इस्तेमाल कर सकती हैं।
बबल्स
एक बबल बाथ किसे पसंद नहीं होता? आप अपने नन्हे को नहलाते समय बबल्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। आप इनकी मदद से बच्चे या अपना क्रेजी हेयरस्टाइल, उसकी दाढ़ी-मूंछ या कोई भी चीज बना सकते हैं। इसमें बच्चे को मजा आएगा और वह खिलखिलाते हुए नहा भी लेगा।
खिलौनों के साथ लुका-छिपी
इसके लिए आपको अलग-अलग साइज के स्पॉन्ज और धुले हुए कपड़ों की जरूरत पड़ेगी। अब आप अपने बच्चे को इन्हें छिपाने के लिए कहें और खुद उन्हें ढूंढें। याद रखें कि आप उन्हें जल्दी न ढूंढें और बच्चे से जानबूझकर पूछें कि उसने कहां छिपाया है। इससे बच्चे को मजा आएगा और वह नहाने से भागेगा नहीं।